

Vishal Chaturvedi Seva Sankalp Announcement: भारतीय सिनेमा में जब भी कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाती है, तो आमतौर पर पूरी टीम अपनी सफलता का जश्न मनाती है। हालांकि फिल्म इंडस्ट्री में कुछ ऐसे पल भी आते हैं जब सक्सेस के बाद मिलने वाले आर्थिक लाभ को किसी महान सामाजिक उद्देश्य के लिए समर्पित कर दिया जाता है। हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई करने वाली आध्यात्मिक फिल्म के मेकर-डायरेक्टर ने अपनी अगली बहुप्रतीक्षित परियोजना को लेकर एक ऐसा ही अनूठा और मिसाली कदम उठाया है।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म की शानदार सफलता के बाद निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी अपनी अगली फिल्म लेकर दर्शकों के बीच आ रहे हैं। गणेश चतुर्थी के मौके पर उन्होंने अपने अगले प्रोजेक्ट 'राम बोला' की घोषणा की। यह फिल्म महान संत और कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन, उनकी भक्ति भावना और उनकी कालजयी साहित्यिक यात्रा को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।
खबरों के अनुसार इस प्रोजेक्ट का सबसे खास पहलू इसका सेवा भाव है। फिल्म के प्रोड्यूसर महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने एक बड़ा संकल्प लेते हुए यह निर्णय लिया है कि वे 'राम बोला' से होने वाली अपनी पर्सनल कमाई और बचत का 100 प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंदों की मदद के लिए दान करेंगे। यह भावुक और ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री के 'सेवा संकल्प अभियान' से प्रेरित होकर ली गई है।
विशाल चतुर्वेदी और उनकी टीम का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब हिंदी सिनेमा के कई बड़े चेहरे इस राष्ट्रव्यापी सेवा अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। अभिनेता रणवीर सिंह ने हाल ही में 1000 हजार बच्चियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। वहीं, बॉलीवुड की फेमस जोड़ी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने भी 20 सरकारी स्कूलों के नवनिर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया है।
सीमित बजट में बनी पिछली फिल्म हनुमान अंश ने देश-दुनिया में करोड़ों रुपये का शानदार कलेक्शन करके हर किसी को हैरान कर दिया था। उस सफलता के बाद अब गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित 'राम बोला' को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी क्रेज देखा जा रहा है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और भक्ति रस के जरिए एक बार फिर सिनेमाघरों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए तैयार हो रही है।