सिर्फ 5 लाख रुपये कमाने के लिए साइन की थी पहली फिल्म, अब 'रामायण' में शूर्पणखा बनकर छाएंगी रकुल प्रीत सिंह

Rakul Preet Singh Career: रकुल प्रीत सिंह जल्द ही 'रामायण' में शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी। बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने सिर्फ 5 लाख रुपये कमाने और कार खरीदने के लिए पहली फिल्म साइन की थी।
Rakul Preet Singh Career Ramayana Movie Shurpanakha
रकुल प्रीत सिंह (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rakul Preet Singh First Film: अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रामायण' को लेकर लगातार चर्चा में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म में रकुल शूर्पणखा का अहम किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से उनके लुक और किरदार को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि करोड़ों की फिल्मों में काम करने वाली रकुल ने अभिनय की दुनिया में कदम सिर्फ 5 लाख रुपये कमाने के लिए रखा था।

रकुल प्रीत सिंह का जन्म 10 अक्टूबर 1990 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता राजेंद्र सिंह भारतीय सेना में अधिकारी थे, जिसकी वजह से उनका बचपन अनुशासन और सादगी के माहौल में बीता। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल से की और इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज से गणित ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया। कॉलेज के दिनों में ही रकुल ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 2011 में वह मिस फेमिना इंडिया प्रतियोगिता की टॉप-5 फाइनलिस्ट भी बनीं, जिससे उन्हें मनोरंजन जगत में पहचान मिलने लगी।

कार खरीदने के लिए साइन की पहली फिल्म

रकुल प्रीत सिंह ने अपने कई इंटरव्यू में बताया है कि उन्होंने कभी अभिनेत्री बनने का सपना नहीं देखा था। कॉलेज के दौरान वह अपनी कमाई से कार खरीदना चाहती थीं। इसी वजह से उन्होंने साल 2009 में कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' साइन की। इस फिल्म के लिए उन्हें 5 लाख रुपये की फीस मिली थी। करीब 40 दिनों की शूटिंग के दौरान रकुल को कैमरे के सामने काम करने का अनुभव इतना पसंद आया कि उन्होंने अभिनय को ही अपना करियर बनाने का फैसला कर लिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

साउथ से बॉलीवुड तक बनाई पहचान

'गिल्ली' के बाद रकुल ने तेलुगु फिल्म 'किराटम' से साउथ इंडस्ट्री में अपनी जगह मजबूत की। इसके बाद उन्होंने सरैनोडु, ध्रुवा, नान्नाकु प्रेमाथो, धीरन अधिगारम ओंद्रु और स्पाइडर जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड में उन्होंने साल 2014 में फिल्म 'यारियां' से डेब्यू किया। इसके बाद दे दे प्यार दे, रनवे 34, डॉक्टर जी और कई अन्य फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय क्षमता का परिचय दिया। अब रकुल प्रीत सिंह अपनी सबसे बड़ी फिल्मों में से एक 'रामायण' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह शूर्पणखा की भूमिका निभाएंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com