लोकसभा में गूंजी ‘पंजाब 95’, दिलजीत दोसांझ ने शेयर किया वीडियो, फिर चर्चा में आई फिल्म

Punjab 95 को लेकर लोकसभा में बहस छिड़ी, जहां गुरमीत सिंह मीत हायर ने सेंसरशिप पर सवाल उठाए। दिलजीत दोसांझ ने वीडियो शेयर किया। CBFC के कई कट्स के कारण फिल्म की रिलीज अब भी अटकी हुई है।
Diljit Dosa njh Film Punjab 95 Controversy Gurmeet Singh Meet Hayer Lok Sabha
दिलजीत दोसांझ की फिल्म पंजाब 95 (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Updated on

Diljit Dosanjh Film Punjab 95 Controversy: ‘पंजाब 95’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। दिलजीत दोसांझ की यह फिल्म लंबे समय से विवादों में घिरी हुई है और अब इसका मुद्दा संसद तक पहुंच गया है। हाल ही में लोकसभा में इस फिल्म को लेकर सवाल उठाए गए, जिसके बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में छा गया है। आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत हायर ने लोकसभा में ‘पंजाब 95’ को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

गुरमीत सिंह मीत हायर ने कहा कि एक ओर मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा पर बनी फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जा रहा, जबकि दूसरी ओर कुछ फिल्मों को बिना रोक-टोक रिलीज किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने फिल्मों को लेकर कथित दोहरे मापदंड का मुद्दा भी उठाया। लोकसभा में उठे इस मुद्दे का वीडियो खुद दिलजीत दोसांझ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इसके बाद से ही फिल्म को लेकर बहस तेज हो गई है। दिलजीत दोसांझ का यह कदम उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

सेंसर बोर्ड के साथ विवाद

‘पंजाब 95’ की रिलीज लंबे समय से अटकी हुई है। फिल्म को लेकर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने कई आपत्तियां जताई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से 100 से ज्यादा सीन हटाने के लिए कहा गया, जिसमें कुछ डायलॉग और फिल्म का टाइटल भी शामिल था। बोर्ड ने ‘पंजाब’ शब्द हटाने और ‘पंजाब पुलिस’ की जगह सिर्फ ‘पुलिस’ शब्द इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था। लगातार विवादों और राजनीतिक बहस के बीच ‘पंजाब 95’ का भविष्य अभी भी अनिश्चित बना हुआ है, लेकिन यह साफ है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही देशभर में एक बड़ी चर्चा छेड़ दी है।

निर्देशक की नाराजगी

फिल्म के निर्देशक हनी त्रेहन ने इन कट्स पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि इतने बदलावों के बाद फिल्म की मूल भावना ही खत्म हो जाएगी। यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा कि अगर जबरन कट्स लागू किए गए तो वह फिल्म से अपना नाम हटाने पर विचार करेंगे। पंजाब 95 की कहानी पंजाब में गायब हुए लोगों की सच्ची घटनाओं पर आधारित बताई जा रही है, जो इसे और संवेदनशील बनाती है। फिलहाल फिल्म की नई रिलीज डेट का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com