बॉक्स ऑफिस पर पुलकित-वरुण की जोड़ी ने किया कमाल या रही फीकी? जानें ‘राहु केतु’ का पहले दिन का कलेक्शन

Rahu Ketu Day 1 Earnings: पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की फिल्म ‘राहु केतु’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। ऐसे में चलिए जानते हैं कि पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही इस कॉमेडी-ड्रामा की शुरुआत।
Rahu Ketu Movie Box Office Collection Day 1
पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की ‘राहु केतु’ मूवी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rahu Ketu Movie Box Office Collection Day 1: पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा स्टारर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘राहु केतु’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ‘फुकरे’ के बाद एक बार फिर दोनों कलाकारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आई, जिससे दर्शकों में पहले से ही अच्छी-खासी उत्सुकता थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की ओपनिंग उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रही।

‘राहु केतु’  की पहले दिन की कमाई रही सीमित

फिल्म की शुरुआती कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘राहु केतु’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 62 लाख रुपये का कारोबार किया है। माना जा रहा है कि रात के शो के बाद इस आंकड़े में हल्का इजाफा हो सकता है, लेकिन फिलहाल ओपनिंग को औसत ही कहा जा रहा है। वीकेंड पर फिल्म के लिए असली परीक्षा होगी।

वीर दास की फिल्म से हुआ मुकाबला

बॉक्स ऑफिस पर ‘राहु केतु’ को आज ही रिलीज हुई वीर दास की फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ से कड़ी टक्कर मिल रही है। इस फिल्म ने पहले दिन खबर लिखे जाने तक लगभग 75 लाख रुपये की कमाई कर ली है। शुरुआती आंकड़ों में वीर दास की फिल्म ‘राहु केतु’ से आगे चलती नजर आ रही है।

कहानी में है रहस्य और हास्य का तड़का

‘राहु केतु’ की कहानी हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से कस्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यहां लेखक चूरू लाल शर्मा अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से परेशान है। उसकी मुलाकात एक रहस्यमय फूफा से होती है, जिनके पास एक जादुई किताब है। यही किताब कहानी को नया मोड़ देती है और राहु (वरुण शर्मा) और केतु (पुलकित सम्राट) जैसे अजीब किरदारों की एंट्री होती है। कस्बे के लोग इन्हें अपशकुन मानने लगते हैं, लेकिन इनके साथ हास्य, भ्रम और डर का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है।

स्टारकास्ट बनी फिल्म की ताकत

विपुल विज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पुलकित सम्राट और वरुण के अलावा शालिनी पांडे, पीयूष मिश्रा, मनु ऋषि चड्ढा, चंकी पांडे, अमित सियाल और सुमित गुलाटी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन डायलॉग्स और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को हंसाने में कामयाब रहती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ‘राहु केतु’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बना पाती है या नहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com