प्रियंका चोपड़ा ने बेटी मालती के जन्म का दर्दनाक दौर किया याद, बोलीं- मंत्रों का जाप करती थी

Priyanka Chopra ने कहा कि उनकी बेटी मालती का जन्म 27 हफ्ते में हुआ था और उसे 100 दिनों से अधिक समय तक NICU में रहना पड़ा। निक जोनास के साथ उन्होंने प्रार्थना के सहारे इस कठिन दौर का सामना किया।
Priyanka Chopra recently revealed that her daughter Malti was born at 27 weeks
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Priyanka Chopra Daughter Malti Premature Birth: बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा हाल ही में अपनी बेटी मालती मैरी के जन्म के मुश्किल दौर को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का जन्म तय समय से काफी पहले, महज़ 27 हफ्ते में हुआ था। सरोगेसी के जरिए जन्मी मालती को जन्म के बाद 100 दिनों से अधिक समय तक अस्पताल के NICU में रहना पड़ा।

प्रियंका ने मशहूर मोटिवेशनल स्पीकर जय शेट्टी के पॉडकास्ट में उस कठिन समय को याद करते हुए कहा कि वह उनके जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण दौर था। उन्होंने बताया कि जब पहली बार उन्होंने अपनी नन्ही सी बेटी को देखा तो उनकी आंखों में आंसू आ गए। मालती का रंग बैंगनी था और वह बेहद छोटी-छोटी आवाजें निकाल रही थी। प्रियंका ने उस पल को शब्दों में बयां करना मुश्किल बताया।

प्रियंका चोपड़ा ने कही ये बात

अभिनेत्री ने बताया कि NICU में एक समय पर सिर्फ एक ही माता-पिता को अंदर जाने की अनुमति थी। ऐसे में प्रियंका और उनके पति निक जोनास ने बारी-बारी से तीन महीने तक अस्पताल में समय बिताया। निक अपनी बेटी के लिए गिटार बजाकर गाने गाते थे, जबकि प्रियंका अपने आईपॉड पर संगीत चलाती थीं। प्रियंका ने यह भी साझा किया कि वह अपनी बेटी के लिए नियमित रूप से महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र और ‘ऊं नमः शिवाय’ का जाप करती थीं।

प्रियंका और निक की शाही शादी

प्रियंका का मानना था कि पॉजिटिव एनर्जी और प्रार्थनाएं उनकी बेटी को मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि मालती का इस दुनिया में आना किसी चमत्कार से कम नहीं था और वह उनके लिए बेहद अनमोल है। बता दें कि प्रियंका और निक ने 2018 में राजस्थान में शाही अंदाज में शादी की थी, जिसमें हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाजों से समारोह संपन्न हुआ था। इस साल जनवरी में मालती चार साल की हो गई है।

प्रियंका चोपड़ा की बेटी

प्रियंका चोपड़ा अपनी बेटी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की पूरी कोशिश करती हैं। वह अक्सर उसे पारंपरिक परिधान जैसे घाघरा-चोली, बिंदी और चूड़ियां पहनाती हैं। हाल ही में कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में प्रियंका ने बताया कि जब मालती भारतीय परिधान पहनती है तो खुद को ‘इंडियन प्रिंसेस’ कहती है। यह किस्सा सुनकर दर्शक भी भावुक हो गए। प्रियंका का कहना है कि चाहे वह दुनिया में कहीं भी रहें, वह चाहती हैं कि उनकी बेटी अपनी भारतीय जड़ों से हमेशा जुड़ी रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com