

Parineeti Chopra Shak Trust No One Trailer: नेटफ्लिक्स ने अपनी अपकमिंग मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' का रोमांचक ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस सीरीज के जरिए बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ओटीटी की दुनिया में कदम रख रही हैं। ट्रेलर में एक मां की ऐसी कहानी दिखाई गई है, जिसकी बेटी अचानक गायब हो जाती है और उसे वापस पाने की तलाश धीरे-धीरे शक, डर और रहस्य की ऐसी दुनिया में पहुंचा देती है, जहां किसी पर भरोसा करना मुश्किल हो जाता है।
ट्रेलर की शुरुआत परिणीति चोपड़ा के किरदार से होती है, जो एक बच्ची को जन्म देती हैं। वह अपनी बेटी का दुनिया में स्वागत करते हुए उसकी देखभाल करने का वादा करती हैं। शुरुआत में परिणीति, ताहिर राज भसीन और उनकी बेटी की एक खुशहाल फैमिली दिखाई जाती है। लेकिन रात के सन्नाटे में एक नर्स अस्पताल के कमरे में आती है और उनकी नवजात बेटी को उठाकर ले जाती है। यहीं से कहानी एक रहस्यमयी मोड़ लेती है।
इसके बाद कहानी सीधे आठ साल आगे पहुंचती है। परिणीति का किरदार पिछले आठ सालों से अपनी लापता बेटी को ढूंढ रहा है। उसे पूरा यकीन है कि उसकी बेटी जिंदा है और किसी न किसी दिन वह उसे जरूर खोज लेगी। इसी बीच किडनैपर की ओर से बच्ची की तस्वीरें भेजी जाती हैं, जिससे मामला और उलझ जाता है। पुलिस का शक भी परिवार और करीबी लोगों के दायरे पर जाने लगता है।
ट्रेलर का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब सामने आता है, जब परिणीति चोपड़ा अपनी बेटी की तलाश में हद से आगे बढ़ती नजर आती हैं। वह दूसरी बच्चियों में अपनी बेटी को देखने लगती हैं। एक डॉक्टर उनसे पूछती है कि क्या वह कल्पना और हकीकत के बीच अंतर समझ पा रही हैं। इसके बाद उन्हें दवाइयां लेते हुए दिखाया जाता है। एक सीन में वह केक के अंदर अपनी बेटी का हाथ देखती हैं, जिससे सवाल उठता है कि आखिर सच क्या है और उनके दिमाग का वहम क्या?
'शक: ट्रस्ट नो वन' में परिणीति चोपड़ा के अलावा जेनिफर विंगेट, सोनी राजदान, अनूप सोनी, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, सुमीत व्यास और ध्रुव चौधरी नजर आएंगे। सीरीज को रेन्सिल डी'सिल्वा और सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने बनाया है, जबकि डी'सिल्वा ने इसका निर्देशन किया है। सपना मल्होत्रा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा इसके प्रोड्यूसर हैं। यह मिस्ट्री थ्रिलर 24 सितंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।