ट्रेलर लॉन्च में भड़के नाना पाटेकर, 90 मिनट इंतजार के बाद छोड़ दिया ‘ओ रोमियो’ का इवेंट

Nana Patekar News: शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च पर बड़ा हंगामा हो गया, जब 90 मिनट इंतजार के बाद नाना पाटेकर इवेंट छोड़कर चले गए। तो चलिए जानते हैं उन्होंने ऐसा क्यों किया।
O Romeo Trailer Launch
ओ रोमियो फिल्म (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया0
Published on: 
Updated on: 

O Romeo Trailer Launch: शाहिद कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अचानक अपना आपा खो बैठे और इवेंट बीच में ही छोड़कर चले गए। यह घटना उस समय हुई, जब नाना पाटेकर को अपने को-स्टार्स शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के लिए करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि नाना पाटेकर 21 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे समय पर ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंच गए थे। हालांकि, तय समय के काफी बाद भी शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मौके पर नहीं पहुंचे। लगातार इंतजार के बाद जब 90 मिनट बीत गए, तो नाना पाटेकर का सब्र जवाब दे गया और वह बिना किसी बयान के इवेंट छोड़कर चले गए।

विशाल भारद्वाज ने संभाली स्थिति

नाना पाटेकर के इवेंट से चले जाने के बाद डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने मीडिया के सामने स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “नाना क्लास के सबसे शरारती बच्चे जैसे हैं। वही बच्चा जो सबको परेशान भी करता है और सबसे ज्यादा एंटरटेन भी करता है। मैं उन्हें 27 साल से जानता हूं, लेकिन पहली बार उनके साथ काम कर रहा हूं। अगर वह यहां होते तो और अच्छा लगता।”

विशाल भारद्वाज ने आगे कहा कि एक घंटे से ज्यादा इंतजार करवाने के बाद नाना अपने खास अंदाज में उठे और चले गए। उन्होंने साफ किया कि उन्हें इस बात का कोई अफसोस नहीं है, क्योंकि यही स्वभाव नाना पाटेकर को खास बनाता है।

सोशल मीडिया पर नाना को मिला सपोर्ट

इस पूरे मामले को लेकर रेडिट पर एक पोस्ट वायरल हो गया, जिसमें इवेंट की टाइमलाइन बताई गई। पोस्ट सामने आते ही यूजर्स ने नाना पाटेकर का खुलकर समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा, “मैं नाना पाटेकर के साथ हूं, यहां अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है।” दूसरे ने कहा, “नाना ने बिल्कुल सही किया।” एक और यूजर ने लिखा, “वो स्टारडम के आगे नहीं झुकते, यही उनकी खासियत है।” कई लोगों ने यह भी कहा कि उन्होंने डेढ़ घंटे तक इंतजार कर लिया, वरना आम लोग तो 20 मिनट में ही चले जाते।

‘ओ रोमियो’ की कास्ट और रिलीज डेट

फिल्म ‘ओ रोमियो’ एक सच्ची घटना से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें शाहिद कपूर, नाना पाटेकर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज लगभग 10 साल बाद फिर से साथ काम कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com