

Highlights
मुकेश खन्ना ने नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर सवाल उठाए हैं।
अभिनेता को साई पल्लवी के सीता वाले किरदार को फाइटर के रूप में दिखाने पर आपत्ति है।
मुकेश खन्ना ने वाल्मीकि रामायण का हवाला देकर मेकर्स के फैसले पर नाराजगी जताई।
Mukesh Khanna Reaction On Sai Pallavi Sita Role: अभिनेता मुकेश खन्ना एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता अक्सर फिल्मों और मनोरंजन जगत से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। अब उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर सवाल उठाए हैं। खासतौर पर फिल्म में सीता के किरदार को जिस तरह दिखाए जाने की बात सामने आई है, उस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।
मुकेश ने मेकर्स को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें कमाई के चक्कर में मूल रामायण के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए। मुकेश खन्ना की सबसे बड़ी आपत्ति फिल्म में साई पल्लवी के सीता वाले किरदार को लेकर है। अभिनेता ने वाल्मीकि रामायण का हवाला देते हुए सवाल किया कि सीता माता को एक योद्धा या एक्शन हीरोइन की तरह दिखाने की क्या जरूरत है। उनके मुताबिक, मूल रामायण में सीता के युद्ध करने का कोई उल्लेख नहीं है।
मुकेश खन्ना ने कहा कि क्या आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सीता माता रानी झांसी की तरह लड़ रही हैं या आजकल की हीरोइनें जो माचो बन जाती हैं? मैंने वाल्मीकि जी की रामायण पढ़ी। उसमें कहीं भी ऐसा नहीं लिखा है कि सीता जी ने कभी भी जाकर लड़ाई की है। वो फाइटर नहीं थीं। अगर वो फाइटर होतीं तो रावण उन्हें चुपचाप पकड़कर कैसे ले जाता।
बताया जा रहा है कि फिल्म में दिखाए जाने वाले इस दृश्य को निर्माता नमित मल्होत्रा ने 'अद्भुत रामायण' से प्रेरित बताया था। इस पर भी मुकेश खन्ना ने हैरानी जताई। उन्होंने फिल्म निर्माताओं को सलाह दी कि वाल्मीकि रामायण में अपनी तरफ से कहानी जोड़ने से बचना चाहिए। अभिनेता ने इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वाल्मीकि रामायण में अपनी खुद की कहानी डालना बंद करें। शर्म आनी चाहिए।
मुकेश खन्ना ने अपनी बात रखते हुए प्रभास की फिल्म आदिपुरुष का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म के साथ किए गए बदलावों पर दर्शकों की प्रतिक्रिया सभी देख चुके हैं। अभिनेता के मुताबिक, निर्माताओं का ध्यान धार्मिक महाकाव्य को सही तरीके से प्रस्तुत करने के बजाय कमाई पर नहीं होना चाहिए।