Mukesh Khanna Birthday: शक्तिमान से भीष्म पितामह तक, मुकेश खन्ना ने इन दो किरदारों से घर-घर में बनी अलग पहचान

Mukesh Khanna Birthday Story: शक्तिमान और भीष्म पितामाह जैसे किरदारों से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। आइए जानते हैं उनके सफर की कुछ दिलचस्प बातें।
Mukesh Khanna Birthday
मुकेश खन्ना (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mukesh Khanna Birthday Special: छोटे पर्दे पर जब भी कोई नायक घूमते हुए 'अद्भुत, अदम्य साहस की परिभाषा' बनकर उभरता है, तो ज़हन में सिर्फ एक ही नाम गूंजता है—शक्तिमान। 90 के दशक के बच्चों का रविवार जिस व्यक्ति के बिना अधूरा था, वो कोई और नहीं बल्कि मुकेश खन्ना हैं। आज उनका 67वां जन्मदिन है।

मनोरंजन की दुनिया में कई अभिनेता आते हैं और चले जाते हैं, लेकिन मुकेश खन्ना ने छोटे पर्दे के इतिहास में जो लकीर खींची है, उसे पार कर पाना आज भी किसी के लिए आसान नहीं है। मुकेश खन्ना ने टीवी स्क्रीन पर एक नहीं, बल्कि दो ऐसे अमर रोल अदा किए जिन्होंने उन्हें हमेशा के लिए दर्शकों के दिलों में बसा दिया।

वकालत की पढ़ाई छोड़कर एक्टिंग का अनोखा सफर

मुकेश खन्ना का एक्टिंग की दुनिया में आना कोई इत्तेफाक नहीं था। उन्होंने फिल्मों में कदम रखने से पहले अपनी शिक्षा को जरूरी समझा। उन्होंने पहले विज्ञान में बीएससी की डिग्री हासिल की और फिर मास्टर ऑफ लॉ की पढ़ाई पूरी की। हालांकि, कानून की बारीकियों को समझने के बाद उनका मन एक्टिंग की ओर झुक गया। अपने इसी सपने को साकार करने के लिए उन्होंने पुणे के मशहूर फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में दाखिला लिया। वहां से एक्टिंग का बकायदा कोर्स करने के बाद उन्होंने मायानगरी मुंबई का रुख किया, जहां उनकी किस्मत का एक नया अध्याय खुलने वाला था।

जब भीष्म पितामह के किरदार ने बदली किस्मत की लकीर

साल 1981 में आई फिल्म 'रूही' से मुकेश खन्ना सहायक एक्टर के तौर पर अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। शुरुआती कुछ सालों तक उन्होंने बड़े पर्दे पर कई छोटे-बड़े रोल निभाए, लेकिन उन्हें वो पहचान नहीं मिल पा रही थी जिसके वो हकदार थे। इसके बाद साल 1988 में उनकी जिंदगी में एक बड़ा मोड़ आया। बीआर चोपड़ा ने जब ऐतिहासिक धारावाहिक 'महाभारत' बनाने का फैसला किया, तो उन्होंने मुकेश खन्ना को भीष्म पितामाह के बेहद अहम रोल के लिए चुना। मुकेश खन्ना ने इस गंभीर किरदार को इतनी शिद्दत और दमदार आवाज के साथ बखूबी जिया कि यह किरदार हमेशा के लिए अमर हो गया। आज भी जब दर्शक भीष्म पितामाह की कल्पना करते हैं, तो मुकेश खन्ना का चेहरा ही सामने आता है।

मुकेश खन्ना में अमिताभ बच्चन को महसूस हुई अपनी झलक

फिल्मों के दौर में मुकेश खन्ना की डायलॉग डिलीवरी और कड़क आवाज के कारण उनकी तुलना अक्सर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से की जाने लगी थी। बहुत से लोग यह मानने लगे थे कि वह बिग बी की नकल करते हैं। इस बात का जिक्र खुद मुकेश खन्ना ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में भी किया था।

उन्होंने बताया था कि 'एक बार उनके दोस्त अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म देख रहे थे। उसी दौरान इंटरवल में मुकेश खन्ना की एक विज्ञापन फिल्म स्क्रीन पर आई। उसे देखकर अमिताभ बच्चन ने सहज भाव से कहा था कि यह लड़का मेरी कॉपी करता है। हालांकि, मुकेश खन्ना ने हमेशा इस बात को खारिज किया और इसे महज एक इत्तेफाक बताया।'

शक्तिमान बनकर जीता करोड़ों बच्चों का अटूट भरोसा

साल 1997 में एक्टर मुकेश खन्ना ने खुद एक नए सीरियल बनाया, जिसका नाम था 'शक्तिमान'। इस शो में उन्होंने मुख्य सुपरहीरो की भूमिका निभाई। यह शो छोटे पर्दे के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ। बच्चों के बीच इस शो की दीवानगी इस कदर थी कि रविवार को सड़कें सूनी हो जाती थीं।

इसके बाद मुकेश खन्ना ने 'चंद्रकांता' और 'आर्यमान' जैसे कई अन्य काल्पनिक और पौराणिक सीरियल्स में भी काम किया। वह 'प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा' और 'वारिस' जैसे पारिवारिक शोज़ का भी हिस्सा रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com