

Yeh Rishta Kya Kehlata Hai Actor Mohsin khan Marriage: टीवी के पॉपुलर शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में कार्तिक गोयनका का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता मोहसिन खान इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर ने अपनी गर्लफ्रेंड तमन्ना के साथ अपने रिश्ते का ऑफिशियल ऐलान करने के बाद अब शादी को लेकर फैंस को सरप्राइज कर दिया है।
मोहसिन ने सोशल मीडिया पर तमन्ना के साथ एक रोमांटिक तस्वीर शेयर की है, जिसके बाद दोनों की सीक्रेट वेडिंग की चर्चा तेज हो गई है। मोहसिन खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तमन्ना के साथ एक तस्वीर शेयर की है। फोटो में दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं और डांस करते दिखाई दे रहे हैं। तमन्ना इस दौरान खूबसूरत लहंगे में नजर आ रही हैं, जबकि मोहसिन ने ब्लैक पैंट के साथ व्हाइट कोट पहना हुआ है।
मोहसिन खान और तमन्ना की तस्वीर में उनकी शानदार केमिस्ट्री और चेहरे की खुशी साफ नजर आ रही है। फोटो सामने आने के बाद फैंस यह कयास लगाने लगे कि क्या दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। मोहसिन ने तस्वीर के साथ कैप्शन में 'द डे, माशाअल्लाह' लिखा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर कपल को बधाई देने वालों की लाइन लग गई।
मोहसिन खान और तमन्ना ने अगस्त में अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था। दोनों ने इसी दौरान सगाई भी की थी। 22 अगस्त को मोहसिन ने इंस्टाग्राम पर सगाई की इनसाइड तस्वीरें शेयर की थीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने बेहद खूबसूरत अंदाज में अपने रिश्ते के नए पड़ाव की जानकारी दी थी। मोहसिन ने लिखा था कि वे अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने इस रिश्ते को दोस्ती, प्यार और जिंदगीभर की यादों का सफर बताया था।
मोहसिन और तमन्ना की नई तस्वीर सामने आने के बाद फैंस को ऐसा लग रहा है कि कपल ने शादी कर ली है। हालांकि, तस्वीर को लेकर मोहसिन ने अलग से शादी की तारीख या वेडिंग सेरेमनी की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में उनकी पोस्ट ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। मोहसिन खान ने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में कार्तिक गोयनका का किरदार निभाकर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। शो में उनकी जोड़ी शिवांगी जोशी के साथ काफी पसंद की गई थी।