

Mirzapur The Movie Update: ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो पर इसके तीन सीजन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं और लंबे समय से फैंस इसके चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, उससे पहले मेकर्स 'मिर्जापुर: द मूवी' के जरिए इस कहानी को सिनेमाघरों तक लेकर आ रहे हैं।
फिल्म की एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इसे दर्शकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की खबर है। ऐसे में रिलीज से पहले आइए जानते हैं फिल्म की स्टारकास्ट, रनटाइम, बजट और सेंसर सर्टिफिकेट समेत तमाम जरूरी जानकारी। फिल्म को हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज किया जाएगा. यानी 'मिर्जापुर' के चाहने वालों को अब इस फ्रेंचाइजी का मजा बड़े पर्दे पर लेने का मौका मिलेगा।
फिल्म की स्टारकास्ट काफी बड़ी है। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, शाजी चौधरी, कुलभूषण खरबंदा, श्रिया पिलगांवकर और सोनल चौहान जैसे कलाकार नजर आएंगे। अगर आप फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं तो इसके लंबे रनटाइम के लिए तैयार रहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक 'मिर्जापुर: द मूवी' का रनटाइम 197.19 मिनट यानी करीब 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकेंड है।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है. इसका मतलब है कि इसे सिर्फ 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। फिल्म में 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी के मुताबिक एक्शन और हिंसा का भरपूर तड़का देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 'मिर्जापुर: द मूवी' को करीब 250 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। इतने बड़े बजट के साथ फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें हैं।
फिल्म को समझने के लिए 'मिर्जापुर' के तीनों सीजन देखना जरूरी नहीं बताया गया है, लेकिन अगर आपने सीरीज देखी है तो कहानी और किरदारों को समझने में आसानी होगी। फिल्म से पहले पहले सीजन के शुरुआती 6 एपिसोड देखना मददगार रहेगा। सबसे खास बात यह है कि फिल्म में दिव्येंदु एक बार फिर मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।