

Mimi Chakraborty Health Update: सोशल मीडिया की चकाचौंध में अक्सर सितारों का जगमगाता रूप ही सामने आता है। पर्दे के पीछे की तकलीफें और किसी आम इंसान जैसी शारीरिक समस्याएं आमतौर पर ग्लैमर के पीछे छुप जाती हैं। बंगाली सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ ऐसी तस्वीरें शेयर की हैं, जिन्हें देखकर उनके चाहने वाले हैरान रह गए। तस्वीरों में उनका गाल सूजा हुआ नजर आ रहा है और होंठ पर चोट के साफ निशान हैं। बिना किसी मेकअप या फिल्टर के पोस्ट की गई इन तस्वीरों ने अचानक सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी है। हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक हो गया कि आखिर मिमी के साथ क्या हादसा हुआ है।
सोशल मीडिया पर शेयर की गई इन तस्वीरों में मिमी का रूप किसी भी नॉर्मल दिन जैसा नहीं दिख रहा था। उनके गालों पर गहरी सूजन थी और होंठों पर कटने के निशान दिखाई दे रहे थे। इतना ही नहीं, एक अन्य तस्वीर में उनके पैर में भी तकलीफ नजर आ रही थी। बिखरे हुए बालों और बिना किसी चमक-धमक के साथ सामने आईं इन तस्वीरों ने फैंस के मन में कई तरह के सवाल खड़े कर दिए। लोगों को लगने लगा कि शायद उनके साथ कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो गई है। देखते ही देखते कमेंट सेक्शन में उनकी खैरियत पूछने वालों का तांता लग गया।
फैंस की बढ़ती चिंता को देखते हुए मिमी चक्रवर्ती ने खुद ही इस पूरी स्थिति से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी कुछ आम परेशानियों के कारण ऐसा हाल हुआ है। एक दांत निकलवाने की वजह से उनके गाल में सूजन आ गई है और होंठों पर टांके लगने पड़े हैं। इसके साथ ही पैरों में ऐंठन और थकावट ने उनकी हालत और खराब कर दी थी। उन्होंने अपने कैप्शन में लिखा कि यह बिना किसी ग्लैमर टीम के एक बेहद साधारण इंसान के हफ्ते का हाल है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मिमी चक्रवर्ती ने एक मैसेज भी शेयर किया। उन्होंने लिखा कि हमने सोशल मीडिया पर हमेशा सही और सुंदर दिखने को इतना सामान्य बना दिया है कि असली चेहरा दिखाना अब बहादुरी लगने लगा है। असल में स्वाभाविक और बिना बनावट के दिखना भी काफी बेहतरीन अहसास है। बिना किसी दिखावे के अपनी कमजोरी और तकलीफ को सबके सामने रखने के इस अंदाज को लोगों ने खूब सराहा। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि इस चकाचौंध से भरी दुनिया में अपनी कमियों को स्वीकार करना असल में एक साहसिक कदम है।
बता दें कि मिमी चक्रवर्ती सिनेमा जगत का एक बड़ा नाम होने के साथ-साथ राजनीति में भी एक्टिव रही हैं। वह तृणमूल कांग्रेस की ओर से सांसद रह चुकी हैं। हालांकि फरवरी 2024 में उन्होंने यह कहते हुए राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया था कि यह क्षेत्र उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं है। उन्होंने काफी समय पहले ही पार्टी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। करियर की बात करें तो वह हाल ही में होईचोई की पॉपुलर सीरीज क्वीन्स में एक्टिंग करती दिखाई दी थीं।