

मीका सिंह ने दलेर मेहंदी का किया बचाव
35 लाख रुपये की रसीद सार्वजनिक करने की मांग
लिप-सिंक विवाद पर मंत्री से मीका के सवाल
Mika Singh Supports Daler Mehndi: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह फेमस पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के छोटे भाई है। हाल ही में दलेर मेहंदी को लेकर एक नया विवाद शुरू हो गया है। जिसको लेकर मीका सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सिंगर मीका सिंह ने दलेर मेहंदी के लिप-सिंक विवाद को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पर पलटवार किया है। मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल से कुछ गंभीर सवाल किए है। मीका सिंह ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए पूछा है कि दलेर मेहंदी को कार्यक्रम के लिए कथित तौर पर दिए गए 35 लाख रुपये नकद चुकाए गए थे या चेक से। साथ ही मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से भुगतान की रसीद सार्वजनिक करने की मांग भी की, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
उत्तराखंड सरकार में वन, भाषा, विधायी एवं संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दावा किया था कि नवरात्रि के एक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये देने के बावजूद उन्होंने लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक किया। उनके अनुसार, दलेर मेहंदी को इसलिए आमंत्रित किया गया था, क्योंकि वह संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं।
सिंगर मीका सिंह ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा कि सुबोध उनियाल से सवाल करते हुए लिखा कि सर, आपने 35 लाख रुपये कैश में दिए थे या चेक से? अगर आपके पास पेमेंट की रसीदें हैं, तो प्लीज़ पब्लिक के सामने शेयर कीजिए, ताकि सबको सच पता चल सके। धन्यवाद!
इससे पहले मंगलवार को मीका सिंह ने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए शराब पीने के आरोपों को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर कोई यह साबित कर दे कि दलेर मेहंदी शराब पीते हैं, तो वह गायन छोड़ देंगे। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मीका ने सवाल उठाया कि जब किसी ने दलेर मेहंदी को शराब पीते नहीं देखा, तो उनके बारे में ऐसा दावा कैसे किया जा सकता है।
मीका ने यह भी कहा कि कलाकार कई बार बीमारी या तबीयत खराब होने के बावजूद पहले से किए गए वादे के कारण कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हैं। उनके मुताबिक, संभव है कि दलेर मेहंदी ने भी अपना वादा निभाने के लिए ऐसा किया हो। फिलहाल, इस विवाद में मीका सिंह ने भुगतान के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। वहीं, दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर सुबोध उनियाल के आरोप भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।