

Lucky Ali Biography: भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग और जादुई आवाज से हर पीढ़ी को दीवाना बनाने वाले गायक लकी अली का आज जन्मदिन है। अपनी पहली ही एल्बम 'सुनो' से देशभर में तहलका मचाने वाले लकी अली की आवाज में ऐसा जादू है जो सीधे सुनने वाले के दिल में उतर जाता है। उन्होंने न सिर्फ अपने गानों से बॉलीवुड को नए मुकाम पर पहुंचाया, बल्कि कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का हुनर भी दिखाया। हालांकि, पर्दे पर और गानों में सभी को खुश करने वाले लकी अली की अपनी पर्सनल लाइफ काफी मुश्किल और दर्दभरी रही है।
लकी अली का असली नाम मकसूद महमूद अली है। वह हिंदी सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन एक्टर महमूद के बेटे हैं। घर में फिल्मी माहौल होने के बावजूद लकी अली ने कभी भी अपने पिता के नाम का सहारा नहीं लिया। उन्होंने करियर की शुरुआत में खेती, कालीन बेचने और तेल के कुओं पर काम करने जैसे कई छोटे-बड़े काम किए। महमूद साहब चाहते थे कि उनका बेटा फिल्मों में बड़ा नाम कमाए, लेकिन लकी अली को म्यूजिक से गहरा लगाव था।
महमूद साहब और लकी अली के रिश्ते में एक खास किस्म की दूरी और प्यार दोनों मौजूद थे। एक बार एक फिल्म की शूटिंग के दौरान जब महमूद साहब ने लकी अली के गिटार बजाने और गाने के अंदाज को देखा तो वह बेहद इमोशनल हो गए। महबूब स्टूडियो में अपने बेटे के टैलेंट को देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। लकी अली ने हमेशा अपने पिता के नाम से अलग अपनी खुद की पहचान बनाने को तवज्जो दी।
लकी अली का करियर जितना सफल रहा, उनका पर्सनल लाइफ उतनी ही उलझनों से भरी रही। उन्होंने अपनी जिंदगी में 3 बार निकाह किया। उनकी पहली पत्नी न्यूजीलैंड की मेघन जेन मैक्लेरी थीं, दूसरी पत्नी अनाहिता और तीसरी पत्नी ब्रिटिश मॉडल केट एलिजाबेथ हॉल थीं। इन तीनों शादियों से उनके बच्चे भी हैं, लेकिन समय के साथ उनकी तीनों शादियां अलग-अलग मोड़ों पर आकर खत्म हो गईं।
ऋतिक रोशन की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कहो ना प्यार है' से लकी अली के गानों ने सफलता के नए आयाम छुए। फिल्म में उनके गाए दो गानों 'एक पल का जीना' और 'ना तुम जानो ना हम' ने देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी भारी तहलका मचाया था।
इन गानों के बिना आज भी 90 के दशक की म्यूजिक लिस्ट अधूरी मानी जाती है। इसके अलावा साल 2010 में आई फिल्म रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा की 'अंजाना अंजानी' का सुपरहिट गाना 'हैरत' भी लकी अली की जादुई आवाज का ही परिणाम था।