

Kriti Sanon And Kabir Bahia Spotted: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्हें इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मैच का आनंद लेते हुए देखा गया। इस दौरान उनके साथ कथित बॉयफ्रेंड और यूके बेस्ड बिजनेसमैन कबीर बहिया भी मौजूद थे। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक बार फिर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि कृति सेनन और कबीर बहिया ने अब तक अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है, लेकिन दोनों को कई मौकों पर साथ देखा जा चुका है। इस बार कबीर बहिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह कृति सेनन और एक करीबी दोस्त के साथ स्टेडियम में मैच का लुत्फ उठाते नजर आए। इसके कुछ समय बाद कृति सेनन ने भी अपने इंस्टाग्राम पर उसी दिन की कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं।
कृति सेनन के साथ नाम जुड़ने के बाद से कबीर बहिया लगातार चर्चा में बने हुए हैं। कबीर यूनाइटेड किंगडम के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने इंग्लैंड के एक नामी बोर्डिंग स्कूल से पढ़ाई की और कम उम्र में ही उद्यमिता की दुनिया में कदम रख दिया। बताया जाता है कि उन्होंने 'वर्ल्डवाइड एविएशन एंड टूरिज्म लिमिटेड' की स्थापना की। वहीं उनके पिता कुलजिंदर बहिया यूके की मशहूर ट्रैवल कंपनी 'साउथहॉल ट्रैवल' के मालिक हैं।
कृति सेनन और कबीर बहिया के रिश्ते की अफवाहें पहली बार तब सामने आई थीं, जब अभिनेत्री ने अपना 34वां जन्मदिन मनाया था। इसके बाद दोनों को कई बार साथ देखा गया, जिससे डेटिंग की खबरों को और हवा मिली। इतना ही नहीं, कबीर बहिया को कृति की बहन नुपुर सेनन और गायक स्टेबिन बेन के विवाह समारोह में भी परिवार के करीबी सदस्य की तरह शामिल होते देखा गया था। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने रिश्ते पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।