

Highlights
पंचायत सीजन 5 से पहले फुलेरा पहुंचे पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन।
कुर्ता-पायजामा, गमछा और दातून के साथ दिखा क्रिकेटर का अलग अंदाज।
3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा पंचायत का 5वां सीजन।
Kevin Pietersen Panchayat Season 5: पॉपुलर वेब सीरीज पंचायत के 5वें सीजन की चर्चा के बीच एक नया और मजेदार वीडियो सामने आया है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा है। प्राइम वीडियो की ओर से जारी किए गए इस वीडियो में इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन फुलेरा गांव के रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा और गांव के माहौल के बीच उनका यह अंदाज सीरीज से जुड़ी उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।
परमोशन के लिए सामने आए वेब सीरिज पंचायत के इस वीडियो में केविन पीटरसन एक स्थानीय ग्रामीण की तरह नजर आते हैं। उन्होंने कुर्ता-पायजामा पहना है और सिर पर गमछा बांधा है। केविन सुबह की शुरुआत दातून से करते हुए, भुटकुन की चाय पीते हुए और फुलेरा की जानी-मानी पानी की टंकी को देखते हुए वह गांव के रंग में रंगे दिखाई देते हैं।
अपना इंट्रो देते हुए वह कहते हैं कि वह इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हैं और लंदन से सिडनी तक पूरी दुनिया घूम चुके हैं, लेकिन फुलेरा जैसा कोई गांव नहीं है।
गांव के माहौल में घुलते-मिलते केविन पीटरसन फुलेरा के कुछ जाने-पहचाने डायलॉग भी अपने खास ढंग से बोलते हैं, जिससे इस प्रमोशन वीडियो में एक अलग चुलबुलापन जुड़ जाता है। साथ ही बनराकस के रूप में दुर्गेश कुमार के नए प्रधानपति के रोल में आने की चर्चा के बीच ऐसा लगता है कि फुलेरा की तरक्की अब दूर-दूर तक पहुंच रही है।
दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने इस वेब सीरिज का निर्माण किया है। डायरेक्शन की कमान दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। द वायरल फीवर के बैनर तले बनी इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक जैसे कलाकार अहम भूमिका में दिखेंगे।
पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज किया जाएगा। भारत समेत 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों के दर्शक इस नए सीजन को देख सकेंगे। गांव की सादगी, पुराने किरदारों की वापसी और इस मजेदार प्रचार वीडियो के बाद 5वें सीजन को लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।