भूल भुलैया 3 जैसी बड़ी हिट देने के बावजूद बॉलीवुड से मुझे नहीं मिलेगा सपोर्ट, छलका कार्तिक आर्यन का दर्द

कार्तिक आर्यन फिल्म 'भूल भुलैया 3' की सफलता का का जश्न मना रहे हैं। कार्तिक को दुख है फिल्म बड़ी हिट होने के बावजूद उन्हें बॉलीवुड से सपोर्ट नहीं मिलने वाला है। अगली फिल्म के लिए उन्हें खुद हाथ पैर मारना होगा।
Kartik Aaryan on Bollywood Support after big hit Bhool Bhulaiyaa 3
Published on
Updated on

मुंबई: कार्तिक आर्यन फिल्म 'भूल भुलैया 3' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। इसी साल दिवाली के मौके पर इस फिल्म ने सिंघम अगेन के साथ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी थी। कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया 3 ने कमाई के मामले में बड़े बजट की फिल्म सिंघम अगेन को पीछे छोड़ दिया था। 150 करोड़ में बनी कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया ने 450 करोड़ रुपए की कमाई की है। फिल्म के जबरदस्त प्रदर्शन के बावजूद कार्तिक आर्यन का कहना है कि उन्हें बॉलीवुड से सपोर्ट नहीं मिलने वाला है। कोई भी बड़ा फिल्म मेकर उनके लिए फिल्म लेकर नहीं आने वाला है। उन्हें खुद ही अपने अगली फिल्म के लिए हाथ पैर मारना होगा।

कार्तिक आर्यन ने जीक्यू से बात करते हुए बताया कि इंडस्ट्री में कई लोग अभी भी ऐसे हैं, जो कार्तिक आर्यन के ठोकर खाकर गिरने का इंतजार कर रहे हैं। कार्तिक आर्यन ने इस दौरान कहा कि मैं अकेला योद्धा हूं। यह घर जो आप देख रहे हैं मैं इसे अपने पैसे से खरीदा है। मैंने यहां तक पहुंचने के लिए पागलों की तरह मेहनत की है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी मेरा काम पूरा नहीं हुआ है। मैं इस सच को जानता हूं कि मुझे आगे की जर्नी इंडस्ट्री में बिना किसी सपोर्ट के तय करनी पड़ेगी।

कार्तिक आर्यन ने आगे कहा कि मैं इस सच से सहमत हो गया हूं कि भूल भुलैया 3 जबरदस्त हिट होने के बावजूद कोई मेरे पीछे काम लेकर नहीं आने वाला है। मुझे अपनी अगली फिल्म के लिए और कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। कार्तिक आर्यन ने इस दौरान यह भी कहा कि बॉलीवुड में उन्हें बहुत सारे अच्छे लोग मिले हैं लेकिन एक बड़ा वर्ग है जो हमेशा उनके ठोकर खाकर गिरने का इंतजार कर रहा है।
कार्तिक ने कहा, मुझे उनसे जीतने की कोई इच्छा नहीं है। सिर्फ मैं अपने दर्शकों का दिल जीतना चाहता हूं। ऐसा इसलिए है क्योंकि वही ऐसे लोग हैं जिन्होंने मुझे शुरू से अब तक सपोर्ट किया है। मुझे बस उनके वैलिडेशन की जरूरत है। कार्तिक आर्यन का यह बयान इस समय सुर्खियों में आ गया है। आपको बता दें कि कार्तिक आर्यन ने करियर की शुरुआत से लेकर अब तक बेहतरीन अभिनय का परिचय दिया है। फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी रही हो या फिर चंदू चैंपियन या फिर भूल भुलैया 3 कार्तिक आर्यन को उनके फैंस का प्यार भरपूर मिल रहा है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com