

Kartik Aaryan Film Captain India: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अभिनेता ने अपनी अगली फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म में कार्तिक एक बहादुर पायलट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक युद्धग्रस्त देश में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के बेहद खतरनाक मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। वहीं, मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
कार्तिक आर्यन ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट शेयर कर फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें से एक तस्वीर में वह फिल्म की शूटिंग का ड्राफ्ट हाथ में लिए नजर आए। इस अपडेट के सामने आने के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं। फिल्म में कार्तिक का किरदार एक ऐसे पायलट का होगा, जो मुश्किल हालात में अपनी बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए लोगों की जान बचाने के मिशन की अगुवाई करता है।
'कैप्टन इंडिया' की कहानी युद्ध के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने वाले एक साहसी मिशन पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कार्तिक का किरदार एक पायलट के रूप में नजर आएगा, जिसके सामने लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। युद्धग्रस्त इलाके में चलाया जाने वाला यह मिशन आसान नहीं होगा। ऐसे में फिल्म में रोमांच, इमोशन और देशभक्ति का मिश्रण देखने को मिल सकता है।
फिल्म की पूरी कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं रखी है। कार्तिक आर्यन की यह फिल्म 13 अगस्त 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट सामने आने के बाद अब दर्शकों को कार्तिक के इस नए और चुनौतीपूर्ण किरदार को पर्दे पर देखने का इंतजार रहेगा।
कार्तिक आर्यन को आखिरी बार फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ अनन्या पांडे नजर आई थीं। फिल्म की कहानी एक बेफिक्र वेडिंग प्लानर और नियमों को न मानने वाली राइटर के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों किरदारों के नाम रे और रूमी थे, जिनकी मुलाकात क्रोएशिया में होती है। यह फिल्म साल 2025 में रिलीज हुई थी।