

Kareena Kapoor Pregnancy Rumours: करीना कपूर खान इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आने के बाद उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें तेज हो गई थीं। हालांकि, उनकी टीम ने इन खबरों को साफ तौर पर खारिज कर दिया था। अब इन चर्चाओं के बीच करीना कपूर का सोशल मीडिया पर पहला रिएक्शन सामने आया है। इस बार उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर नहीं, बल्कि हॉलीवुड फिल्म ‘माइकल’ और जाफर जैक्सन की परफॉर्मेंस की तारीफ की है।
माइकल जैक्सन की बायोपिक फिल्म ‘माइकल’ इन दिनों दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है। फिल्म में माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन ने अपने चाचा का किरदार निभाया है। उनकी एक्टिंग और माइकल जैक्सन के अंदाज को पर्दे पर उतारने की कोशिश की खूब तारीफ हो रही है। फिल्म देखने के बाद करीना कपूर खान भी जाफर जैक्सन की फैन हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया शेयर करते हुए लिखा कि उफ्फ्फ्फ, क्या फिल्म है, क्या शानदार परफॉर्मेंस! करीना ने जाफर जैक्सन को टैग भी किया और पोस्ट के साथ फायर और हार्ट इमोजी शेयर किए।
माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित इस बायोपिक में उनके सुपरस्टार बनने के सफर को दिखाया गया है। फिल्म में उनके करियर के साथ-साथ उनकी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं को भी पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और बॉक्स ऑफिस पर भी इसने शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल को लेकर भी काम शुरू होने की खबरें सामने आई हैं।
दरअसल, कुछ समय पहले करीना कपूर को मुंबई में जिम से बाहर निकलते हुए स्पॉट किया गया था। इस दौरान सामने आए एक पैपराजी वीडियो में उनका पेट थोड़ा बाहर नजर आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके तीसरी बार प्रेग्नेंट होने की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, करीना की टीम ने इन दावों को तुरंत खारिज कर दिया और साफ किया कि अभिनेत्री प्रेग्नेंट नहीं हैं। टीम के मुताबिक, सोशल मीडिया पर चल रही ये खबरें महज अफवाह हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर को आखिरी बार फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अवनि कामत का किरदार निभाया था। अब वह जल्द ही निर्देशक मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में करीना एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।