

करीना कपूर का 200 साल पुराने पेंडेंट पर विवाद
कुर्बान पोस्टर से बिंदी विवाद तक, कई बार घिरीं सुर्खियों में
ताज होटल झगड़े से ओरी संग तस्वीरों तक, जानें बड़े विवाद
Kareena Kapoor Top Controversies: एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपने दिवाली लुक को सुर्खियों में है। अपने बोल्ड और ब्यूटीफुल लुक के लिए चर्चा में रहने वाली करीना कपूर इस समय एक नए विवाद में घिर गई है।
दरअसल, करीना कपूर ने अपने दिवाली लुक के लिए 200 साल पुराना एक शाही पेंडेंट पहना था, जो भोपाल रियासत की बेगम और सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान की विरासत से जुड़ा था। हालांकि इस पेडेंट में कुरान की आयतें लिखी होने के कारण ये विवाद में बदल गई है।
साल 2009 में करीना कपूर की फिल्म कुर्बान के एक बोल्ड पोस्टर को लेकर शिवसेना और विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था। उनका कहना था कि यह पोस्टर महाराष्ट्र की संस्कृति के खिलाफ है। विरोध प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिक करीना कपूर के घर की ओर बढ़े ताकि उन्हें ओढ़ने के लिए साड़ी भेंट कर सकें लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। हालांकि, इस कॉन्ट्रोवर्सी के बाद एक्ट्रेस का बयान भी सामने आया था। उनका कहना था कि यह फोटो फिल्म की थीम (जो आतंकवाद और गहरे जज्बात पर आधारित है) से जुड़ी हुई है और इसमें कुछ भी अश्लील या वल्गर नहीं है।
22 फरवरी 2012 को मुंबई के कोलाबा स्थित ताज होटल के वासाबी रेस्टोरेंट में सैफ अली खान, करीना कपूर, करिश्मा कपूर और उनके कुछ दोस्त मौजूद थे। वहां पास की टेबल पर बैठे साउथ अफ्रीका के एनआरआई बिजनेसमैन इकबाल मीर शर्मा ने ज्यादा शोर-शराबे को लेकर आपत्ति जताई थी। इस बात पर सैफ अली खान और इकबाल शर्मा के बीच जोरदार बहस हुई, जिसके बाद सैफ अली खान पर मारपीट का आरोप लगा। पुलिस ने सैफ और उनके दोस्तों को गिरफ्तार भी किया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई।
जनवरी 2015 में उत्तर भारत में दुर्गा वाहिनी द्वारा प्रकाशित पत्रिका हिमालय ध्वनि के कवर पर करीना कपूर की एक मॉर्फ्ड फोटो छपी थी। इस फोटो में उनका आधा चेहरा सामान्य और आधा चेहरा बुर्के से ढका हुआ दिखाया गया था। पत्रिका में इस तस्वीर के नीचे धर्मांतरण से राष्ट्रांतरण की पंक्ति लिखी गई थी। दुर्गा वाहिनी की उत्तर भारत संयोजक और पत्रिका की संपादक रजनी ठुकराल के अनुसार, यह अभियान उन हिंदू लड़कियों की घर वापसी के लिए था जिन्होंने मुस्लिम युवकों से शादी की थी।
अप्रैल 2022 में अक्षय तृतीया के अवसर पर ज्वैलरी ब्रांड मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स द्वारा जारी किए गए एक विज्ञापन में बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान के माथे पर बिंदी न होने के कारण सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। अक्षय तृतीया के अवसर पर जारी किए गए इस ऐड में करीना कपूर पारंपरिक गुलाबी लहंगे, हीरे का हार, बड़े झुमके और मांगटीका पहने नजर आई थीं लेकिन उनके माथे पर बिंदी नहीं थी।कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे हिंदू परंपराओं और रीति-रिवाजों की अनदेखी करार दिया। उनका तर्क था कि किसी शुभ हिंदू पर्व (जैसे अक्षय तृतीया) पर पारंपरिक परिधान में बिंदी का होना आवश्यक है।
नवंबर में ओरी (ओरहान अवात्रामणि) ने सैफ अली खान और करीना कपूर के साथ अपनी कुछ नई फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कीं। यह तस्वीरें ऐसे समय सामने आईं थी, जब ओरी का सैफ अली खान की पूर्व पत्नी अमृता सिंह तथा उनके बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान के साथ मनमुटाव या विवाद चर्चा में रहा है। इस कारण से सैफ और करीना का ओरी के साथ नजदीकी अंदाज में दिखना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
एक्ट्रेस करीना कपूर ने दीपावली के शुभ अवसर पर 200 साल पुराना एक शाही पेंडेंट पहना था, जो भोपाल रियासत की बेगम और सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान की विरासत से जुड़ा बताया गया है। इस 30 कैरेट के पन्ना जड़े पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयत आयतुल कुर्सी अंकित है। अब एक्ट्रेस के 30 कैरेट वाले पेंडेंट पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस नेता और प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उनका कहना है कि कुरान की आयतों वाले इस धार्मिक और ऐतिहासिक आभूषण को फैशन एक्सेसरी की तरह पहना गया, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। नोटिस में पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग की गई है।