

Karan Johar On Roland Garros 2026: भारतीय फिल्म उद्योग के जाने-माने निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इस बार वह फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित प्रतिष्ठित रोलैंड-गैरोस 2026 टूर्नामेंट में नजर आए, जहां उन्होंने पुरुषों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का आनंद लिया। खेल, संस्कृति और वैश्विक आयोजनों में उनकी लगातार बढ़ती भागीदारी भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकेत दे रही है।
पिछले कुछ वर्षों में करण जौहर ने फिल्म निर्माण के अलावा वैश्विक सांस्कृतिक और फैशन आयोजनों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इस साल की शुरुआत में मेट गाला में उनकी उपस्थिति ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। इसके बाद अब रोलैंड-गैरोस जैसे खेल आयोजन में शामिल होकर उन्होंने अपनी अंतरराष्ट्रीय पहुंच को और मजबूत किया है। रोलैंड-गैरोस में अपने अनुभव को शेयर करते हुए करण जौहर ने कहा कि इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है।
करण ने कहा कि खेल जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक सिखाता है। रोलैंड-गैरोस में होना एक अविश्वसनीय अनुभव है। खेल हमें धैर्य और दबाव बनाए रखने की सीख देता है। यह हमें याद दिलाता है कि जीवन में अगला कदम हमेशा पिछली गलती से अधिक महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने आगे कहा कि पुरुषों के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों को करीब से देखना उनके लिए बेहद रोमांचक और प्रेरणादायक अनुभव रहा।
करण जौहर इससे पहले कान्स फिल्म फेस्टिवल, टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और मराकेश इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे आयोजनों में भी भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी मौजूदगी केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रही, बल्कि फैशन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी उन्हें वैश्विक पहचान मिली है।
विशेषज्ञों का मानना है कि करण जौहर की बढ़ती वैश्विक मौजूदगी भारतीय सिनेमा और क्रिएटिव उद्योग की बढ़ती ताकत को दर्शाती है। मेट गाला से लेकर रोलैंड-गैरोस तक उनकी भागीदारी यह साबित करती है कि भारतीय कहानी, संस्कृति और क्रिएटिविटी आज दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर अपनी मजबूत जगह बना रही है।