बेबी डॉल से मिली शोहरत, तलाक के बाद बनाई पहचान, फिर खुद चुना जीवनसाथी, जानें कनिका कपूर की स्टोरी

Kanika Kapoor Career: कनिका कपूर ने संगीत की दुनिया में ‘बेबी डॉल’ से खास पहचान बनाई। तलाक और तीन बच्चों की जिम्मेदारी के बाद कनिका ने कारोबारी गौतम हाथीरमानी को खुद शादी के लिए प्रपोज किया।
kanika kapoor Birthday Special Story
कनिका कपूर(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Kanika Kapoor Birthday Special Story: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर का जन्म 21 अगस्त 1978 को लखनऊ में हुआ था। बचपन से ही उन्हें संगीत में गहरी दिलचस्पी थी। उन्होंने कम उम्र में शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू कर दिया था। वह ऑल इंडिया रेडियो के लिए भी गा चुकी हैं और अनूप जलोटा के साथ कार्यक्रमों में प्रस्तुति दे चुकी हैं।

संगीत को करियर बनाने का सपना देखने वाली कनिका की जिंदगी में कम उम्र में ही बड़ा बदलाव आया। करीब 18 साल की उम्र में उनकी शादी राज चंडोक से हुई और वह लंदन चली गईं। शादी के बाद वह तीन बच्चों की मां बनीं और परिवार की जिम्मेदारियों के चलते उनका संगीत करियर पीछे छूट गया। कनिका ने अपनी शादी की दसवीं सालगिरह पर पति से महंगे तोहफे के बजाय म्यूजिक एल्बम रिकॉर्ड करने की इच्छा जताई थी।

तलाक के बाद फिर शुरू किया करियर

कनिका ने अपने गैराज को ही स्टूडियो में बदल दिया था। हालांकि, 2012 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए आर्थिक रूप से खुद मजबूत बनने का फैसला किया। संगीत में वापसी के बाद 2012 में ‘जुगनी जी’ से उन्हें पहचान मिली। लेकिन 2014 में फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 2’ का गाना ‘बेबी डॉल’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

दो बार किया गौतम को प्रपोज

कनिका ने 2022 में बताया था कि वह और कारोबारी गौतम हाथीरमानी करीब 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे। मुश्किल समय में गौतम ने उनका साथ दिया था। दिलचस्प बात यह है कि कनिका ने पहली बार 2014 में ही गौतम से शादी की बात कही थी। लेकिन गौतम को लगा कि वह मजाक कर रही हैं। कनिका ने हार नहीं मानी और 2020 में एक बार फिर उनसे शादी के लिए पूछा। इस बार गौतम समझ गए कि वह गंभीर हैं। अगस्त 2021 में गौतम ने कनिका को औपचारिक रूप से प्रपोज किया और मई 2022 में दोनों ने शादी कर ली।

kanika kapoor Birthday Special Story
The Traitors 2 Twist: श्वेता तिवारी की शादी का जिम्मा मल्लिका शेरावत ने उठाया, रणवीर बराड़ को बताया गौतम बुद्ध

तीनों बच्चों को भी मिला परिवार का प्यार

कनिका कपूर को शुरुआत में डर था कि तलाकशुदा होने और तीन बच्चों की मां होने के कारण शायद गौतम या उनका परिवार उन्हें स्वीकार न करे। लेकिन उनका डर गलत साबित हुआ। गौतम और उनके परिवार ने कनिका के साथ उनके बच्चों को भी अपनाया। शादी के दौरान कनिका के तीनों बच्चे उनके साथ मौजूद थे। उनके बेटे ने उन्हें मंडप तक पहुंचाया, जबकि दोनों बेटियां शादी की रस्मों में उनके साथ रहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com