

Kangana Ranaut PM Modi Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली एक किशोरी के माफी मांगने के बाद अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखते हुए कहा कि बच्चों को भड़काने वाली विचारधाराओं से सावधान रहने की जरूरत है।
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस लड़की के माफी वाले वीडियो का स्क्रीनशॉट साझा किया। उन्होंने लिखा कि लड़की ने खुद दावा किया है कि उसकी उम्र 15 साल है और वह पहले कभी पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कुछ पोस्ट नहीं करती थी। कंगना के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान वह अपने दोस्तों के साथ गई थी, जहां कथित तौर पर उसे आपत्तिजनक नारे लगाने के लिए उकसाया गया।
कंगना रनौत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ समुदायों की लड़कियां इस तरह के व्यवहार में शामिल नहीं दिखीं, जबकि अन्य युवा लड़कियां आसानी से प्रभावित हो गईं। उन्होंने इसे समाज के लिए आत्मनिरीक्षण का विषय बताते हुए कहा कि परिवारों को अपनी बेटियों का सही मार्गदर्शन करना चाहिए। कुछ यूजर्स ने कंगना की बात का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने उनके बयान पर अलग-अलग राय भी व्यक्त की।
वायरल वीडियो में संबंधित लड़की ने दावा किया कि उसकी उम्र 15 वर्ष है, जबकि एफआईआर में उसकी उम्र 25 वर्ष बताई गई है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में लड़की ने कहा कि वह प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के प्रभाव में आ गई थी और पीएम मोदी के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके लिए उसे गहरा पछतावा है। उसने पूरे देश से माफी मांगते हुए कहा कि उसे अपने व्यवहार पर शर्मिंदगी है और उसने जो कहा, वह गलत था।
लड़की का माफी वाला वीडियो पीएम मोदी के उस संदेश के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने प्रदर्शन में शामिल युवाओं को 'गुमराह बच्चे' बताते हुए उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाने की बात कही थी। पीएम मोदी ने कहा कि बच्चों को सजा देने या उन्हें परेशान करने के बजाय सही रास्ता दिखाना अधिक जरूरी है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना ही बेहतर रास्ता है।