Kangana Ranaut की ‘भारत भाग्य विधाता’ का ऐलान, इस दिन सिनेमाघरों में गूंजेगी 26/11 के हीरो की कहानी

Kangana Ranaut Nurse Role: कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता 12 जून को रिलीज होगी। यह फिल्म 26/11 हमलों के दौरान कामा अस्पताल के स्टाफ की बहादुरी पर आधारित है, जिन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई।
Kangana Ranaut Film Bharat Bhagya Vidhata Mumbai Attacks Nurse Role
कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kangana Ranaut Film Bharat Bhagya Vidhata: एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर देश के नायकों की कहानी लेकर आ रही हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज डेट का ऐलान बुधवार को हो गया। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए लिखा कि साधारण लोगों की एक असाधारण कहानी। उस रात की कहानी, जब इंसानियत डर से भी बड़ी बन गई।

कंगना रनौत ने आगे बताया कि जब जिम्मेदारी ने बलिदान का रूप लिया, जब एकता हमारा फर्ज बन गई और हिम्मत ने कई जिंदगियां बचाईं। भारत के असली हीरोज की अनसुनी कहानी। फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म उन नायकों की कहानी को सामने लाती है, जिनका जिक्र इतिहास के पन्नों में कहीं दबकर रह गया।

भारत भाग्य विधाता की कहानी

फिल्म की कहानी मुख्य रूप से सरकारी अस्पतालों के गलियारों और वार्डों के इर्द-गिर्द घूमती है। 26 नवंबर 2008 की रात जब मुंबई आतंक की आग में जल रही थी, तब कामा अस्पताल के भीतर एक अलग ही जंग लड़ी जा रही थी। बाहर आतंकी गोलियां बरसा रहे थे, लेकिन अस्पताल के अंदर निहत्थे स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर लगभग 400 मरीजों और उनके परिजनों की जान बचाई थी।

नर्स की भूमिका निभाएंगी कंगना रनौत

फिल्म में एक्ट्रेस कंगना रनौत नर्स की भूमिका में नजर आएंगी। अपने किरदार और फिल्म के विषय पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अक्सर हम बहादुरी के केवल उन कामों का जश्न मनाते हैं, जो बहुत नाटकीय होते हैं, लेकिन असली हिम्मत अक्सर शांत होती है। फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' उन आम लोगों की कहानी है, जो आतंक और जिंदगी के बीच ढाल बनकर खड़े रहे।

भारत भाग्य विधाता के स्टार कास्ट

कंगना रनौत ने कहा कि मुझे इस कहानी का हिस्सा होने पर गर्व है, जो उन लोगों को श्रद्धांजलि देती है, जिन्होंने शहर को उसके सबसे मुश्किल पलों में एकजुट रखा। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता ताम्बे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com