

Kajol Sridevi Acting School: हिंदी सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे रहे हैं, जिनकी अदाकारी ने आने वाली पीढ़ियों के सितारों को भी प्रभावित किया। दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी भी उन्हीं कलाकारों में शामिल थीं। अपनी खूबसूरती, अभिनय और अलग-अलग किरदारों में ढलने की क्षमता से उन्होंने दर्शकों के साथ-साथ इंडस्ट्री के कई कलाकारों को प्रेरित किया। अभिनेत्री काजोल भी श्रीदेवी की बड़ी प्रशंसक रही हैं।
एक पुराने इंटरव्यू में काजोल ने बताया था कि वह श्रीदेवी से अभिनय सीखने के लिए उनकी स्टूडेंट बनना चाहती थीं। काजोल ने यह किस्सा अभिनेता अनुपम खेर के टॉक शो ‘द अनुपम खेर शो’ में शेयर किया था। बातचीत के दौरान जब उनसे फिल्मों में आने से पहले उनकी पसंदीदा अभिनेत्रियों के बारे में पूछा गया, तो काजोल ने श्रीदेवी का नाम लिया।
काजोल ने कहा था कि श्रीदेवी शानदार अभिनेत्री थीं और वह उनसे हमेशा कहती थीं कि उन्हें अपना अभिनय स्कूल खोलना चाहिए। अगर श्रीदेवी ऐसा करतीं तो काजोल खुद उस स्कूल की पहली छात्रा बनना चाहती थीं। उनका मानना था कि वह दिग्गज अभिनेत्री से अभिनय की बहुत सारी बारीकियां सीख सकती थीं। काजोल ने श्रीदेवी की सबसे बड़ी खूबी उनके किरदारों में पूरी तरह उतर जाने को बताया।
काजोल के मुताबिक श्रीदेवी जिस भूमिका को निभाती थीं, उसमें इस तरह रम जाती थीं कि दर्शक यह भूल जाते थे कि सामने एक अभिनेत्री है और उन्हें सिर्फ वही किरदार नजर आता था। काजोल ने चांदनी, चालबाज, सदमा और लम्हे’ जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए बताया कि श्रीदेवी ने इन फिल्मों में बिल्कुल अलग-अलग किरदार निभाए, लेकिन हर भूमिका में वह बेहद प्रभावशाली और विश्वसनीय नजर आईं।
काजोल ने यह भी कहा था कि श्रीदेवी के किरदारों में उनकी अपनी शख्सियत की हल्की झलक जरूर दिखाई देती थी, लेकिन वह कभी किरदार पर हावी नहीं होती थी। उन्होंने ‘खुदा गवाह’ में श्रीदेवी के अभिनय की भी तारीफ की। 24 फरवरी 2018 को श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में निधन हो गया था। दुबई में एक पारिवारिक समारोह के दौरान होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से उनकी मौत हुई थी। उनके निधन से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा था।