

Kajal Raghwani Revelation: भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो के दौरान एक्ट्रेस अपनी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे राज और अनुभव साझा कर रही हैं, जिनके बारे में उन्होंने पहले खुलकर बात नहीं की थी। अब शो के नए प्रोमो में काजल अपने साथ हुई कथित मारपीट और धमकियों का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। अपनी आपबीती सुनाते-सुनाते वह रो पड़ीं।
‘भोजपुरी बवाल’ के लेटेस्ट प्रोमो में काजल राघवानी को अपने साथ हुई घटनाओं के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है। वह कहती हैं कि उनकी जिंदगी में कई गलत चीजें हुईं और उन्होंने बिना गलती के भी बहुत मार खाई। काजल के मुताबिक, उन्हें धमकी दी जाती थी कि अगर उन्होंने किसी को कुछ बताया तो उनके परिवार को बर्बाद कर दिया जाएगा। इसी डर की वजह से वह चुप रहीं। काजल ने कहा कि जब उनके साथ मारपीट हुई, तब उनके मन में अपने परिवार को लेकर डर था। यही वजह थी कि वह उन घटनाओं के खिलाफ आवाज नहीं उठा पाईं।
प्रोमो सामने आने के बाद काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर एक जरूरी सफाई भी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके साथ हुई मारपीट के मामले में खेसारी लाल यादव को टारगेट न किया जाए। काजल ने कहा कि खेसारी ने कभी उन पर हाथ नहीं उठाया है। एक्ट्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पवन सिंह के बारे में भी बात नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शो में उन्होंने अपनी जिंदगी का अनुभव साझा किया है और यह स्क्रिप्टेड नहीं है। काजल ने अपने अनुभव को दूसरी लड़कियों से जोड़ते हुए उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की सलाह दी।
काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे थे। दोनों ने अपने रिश्ते को स्वीकार भी किया था। काजल ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इन घटनाओं का उन पर मानसिक रूप से गहरा असर पड़ा और वह कुछ समय पहले साइकेट्रिस्ट से मिलने के बारे में सोच रही थीं। अब ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल की आपबीती ने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।