

Kajal Raghwani Bhojpuri Bawaal: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो के आगामी एपिसोड का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें काजल अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे खुलासे करती नजर आ रही हैं, जिन्होंने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
प्रोमो में काजल राघवानी अभिनेत्री रानी चटर्जी से बातचीत करते हुए बताती हैं कि एक समय ऐसा आया था, जब वह खुद को पूरी तरह खाली और उलझन में महसूस करने लगी थीं। उन्होंने कहा कि वह मनोचिकित्सक के पास जाने का भी विचार कर चुकी थीं, क्योंकि उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था और वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बातचीत के दौरान काजल ने अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि वह करीब पांच साल तक एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में थीं। उन्होंने कहा कि मैं रिलेशन में थी, वो भी पांच साल। शादीशुदा के साथ मेरा अफेयर था। हालांकि उन्होंने उस व्यक्ति का नाम नहीं लिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि आज भी उस पक्ष के लोग उन्हें मैसेज करते रहते हैं।
काजल की बातें सुनकर रानी चटर्जी ने कहा कि लोगों को उनके पांच साल के करियर और मेहनत की बजाय सिर्फ निजी रिश्तों पर ही चर्चा करने में दिलचस्पी रहती है। इस पर काजल ने भी सहमति जताते हुए कहा कि आज भी कुछ लोग उनके अतीत को लेकर बातें करते हैं और उसी मुद्दे को बार-बार उठाया जाता है।
गौरतलब है कि काजल राघवानी का नाम लंबे समय तक भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ जोड़ा जाता रहा है। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई। मीडिया रिपोर्ट्स और इंडस्ट्री में दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि काजल ने इस प्रोमो में किसी का नाम नहीं लिया है।