सामाजिक मुद्दे पर बनी 'द इंडिया स्टोरी' को नहीं मिल रहे दर्शक, दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर रही फीकी

The India Story Collection: श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल की फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। पहले दो दिनों में फिल्म ने सिर्फ 41 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
Kajal Aggarwal Shreyas Talpade The India Story Box Office Collection
द इंडिया स्टोरी की कमाई (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

The India Story Box Office Collection: श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल स्टारर 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन इन प्रोग्रेस' से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं। खेती में कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले स्वास्थ्य संकट जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर आधारित इस फिल्म को रिलीज से पहले अच्छी चर्चा मिली थी। हालांकि सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद फिल्म दर्शकों को आकर्षित करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को करीब 16 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन शनिवार को इसकी कमाई में मामूली बढ़त देखने को मिली और फिल्म ने लगभग 25 लाख रुपये का कारोबार किया। इस तरह दो दिनों में 'द इंडिया स्टोरी' का कुल भारतीय नेट कलेक्शन सिर्फ 41 लाख रुपये तक पहुंच पाया।

फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस

वहीं शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 46 लाख रुपये रहा है। अब फिल्म की निगाहें रविवार की कमाई पर टिकी हैं, जिससे वीकेंड में कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है। फिल्म की शुरुआती कमाई को देखते हुए ट्रेड सर्कल में इसे फ्लॉप माना जाने लगा है।

क्या फिल्म पहले ही हो गई फ्लॉप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'द इंडिया स्टोरी' का बजट करीब 20 से 30 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में पहले दो दिनों में 50 लाख रुपये का आंकड़ा भी पार न कर पाना फिल्म के लिए बेहद निराशाजनक संकेत माना जा रहा है। अगर रविवार को भी फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल नहीं आता है, तो इसके लिए अपना बजट निकालना भी मुश्किल हो सकता है।

सामाजिक मुद्दे पर आधारित है फिल्म

फिल्म की कहानी खेती में जहरीले कीटनाशकों के इस्तेमाल और उससे बढ़ते कैंसर जैसे गंभीर स्वास्थ्य खतरों पर आधारित है। फिल्म भोजन की शुद्धता और आम लोगों की सेहत से जुड़े मुद्दों को उठाने की कोशिश करती है। फिल्म में श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल के अलावा मुरली शर्मा, मनीष वाधवा, तृषा सारदा, अतुल तिवारी, कमलेश सावंत और श्याम मशलकर अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। 'द इंडिया स्टोरी' को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू भाषाओं में भी रिलीज किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com