Johnny Walker Birthday: कभी बस कंडक्टर थे जॉनी वॉकर, 26 रुपये थी सैलरी, ऐसे बने बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन

Johnny Walker Birthday Special: जॉनी वॉकर ने बस कंडक्टर से बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन तक का सफर तय किया। जानिए कैसे 26 रुपये की नौकरी करने वाले बदरुद्दीन को गुरु दत्त ने जॉनी वॉकर नाम दिया।
Johnny Walker Birth Anniversary Life Story
जॉनी वॉकर जन्मदिन स्पेशल(सौ. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बस कंडक्टर से बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन बने जॉनी वॉकर

  • असल जिंदगी में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया

  • गुरु दत्त ने दिया था बदरुद्दीन को जॉनी वॉकर नाम

Johnny Walker Birth Anniversary Life Story: हिंदी फिल्म सिनेमा में ऐसे चुनिंदा ही कलाकार है, जिनकी एक्टिंग की मिसाल आज भी दी जाती है। उन कलाकारों में से एक नाम दिग्गज कॉमेडियन जॉनी वॉकर का भी है।

बड़े पर्दे पर शराबी के रोल में उनकी कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग डिलीवरी का अंदाज ऑडियंस को काफी हंसाता था। सबसे रोचक बात तो ये है कि पर्दे पर शराबी की एक्टिंग करने वाले इस कलाकार ने अपनी असल जिंदगी में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया था। 11 नवंबर को उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी से जॉनी वॉकर बनने तक का उनका दिलचस्प सफर।

इंदौर में बीता बचपन

जॉनी वॉकर का जन्म 11 नवंबर 1926 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। उनका असली नाम बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी था। उनके पिता एक फैक्ट्री में काम करने वाले एक साधारण मजदूर थे। परिवार की माली हालत अच्छी नहीं थी, जिसके चलते जॉनी को कम उम्र में ही काम करना पड़ा था। जब इंदौर की फैक्ट्री बंद हुई, तो नौकरी की तलाश में उनका परिवार मुंबई आ गया था।

26 रुपये की नौकरी में भी लोगों को हंसाते थे

मायानगरी मुंबई पहुंचने के बाद परिवार का खर्च चलाने के लिए जॉनी वॉकर ने बस कंडक्टर की नौकरी शुरू की। उस समय उन्हें हर महीने 26 रुपये पगार मिलती थी। नौकरी के दौरान भी उनका मजाकिया अंदाज बरकरार रहता था। वह बस में यात्रियों का मनोरंजन करते हुए टिकट काटते थे। इसी अंदाज ने धीरे-धीरे लोगों का ध्यान उनकी ओर खींचा।

बलराज साहनी ने कराई गुरु दत्त से मुलाकात

जॉनी वॉकर की जिंदगी में असल मोड़ तब आया, जब एक्टर बलराज साहनी ने उनके टैलेंट को पहचाना। उन्होंने जॉनी को फिल्म निर्देशक गुरु दत्त से मिलने की सलाह दी। उस समय गुरु दत्त अपनी फिल्म बाजी की तैयारी कर रहे थे।

बताया जाता है कि जॉनी वॉकर ने गुरु दत्त के सामने शराबी की एक्टिंग करके दिखाई। उनकी एक्टिंग और कॉमिक अंदाज गुरु दत्त को इतना पसंद आया कि उन्हें फिल्म बाजी में काम करने का मौका मिल गया। इस तरह बस कंडक्टर की जिंदगी से निकलकर उनका फिल्मी सफर शुरू हुआ।

Johnny Walker Birth Anniversary Life Story
ISKCON आचार्य Srila Prabhupad के जीवन पर बनेगी एनिमेटेड मूवी, अगस्त 2027 में होगी रिलीज

गुरु दत्त ने दिया था जॉनी वॉकर नाम

फिल्मों में शराबी के किरदारों के लिए मशहूर हुए जॉनी वॉकर का नाम भी एक दिलचस्प किस्से से जुड़ा है। उनका असली नाम बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी था। कहा जाता है कि उनकी शराबी की भूमिका से प्रभावित होकर गुरु दत्त ने उन्हें लोकप्रिय व्हिस्की ब्रांड के नाम पर जॉनी वॉकर नाम दिया। इसके बाद यही नाम उनकी पहचान बन गया।

सर जो तेरा चकराए आज भी है यादगार

जॉनी वॉकर ने अपने करियर में हिंदी सिनेमा के कई बड़े एक्टर्स और फिल्ममेकर्स के साथ काम किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग, खास हाव-भाव और डायलॉग डिलीवरी का अंदाज उन्हें दूसरे कलाकारों से अलग बनाता था। फिल्म प्यासा का उन पर फिल्माया गया गाना सर जो तेरा चकराए आज भी ऑडियंस के बीच लोकप्रिय है। जॉनी वॉकर ने अपनी एक्टिंग से साबित किया कि कॉमेडी सिर्फ हंसाने का हुनर नहीं, बल्कि एक खास कला है। संघर्ष से शुरू हुआ उनका सफर हिंदी सिनेमा के यादगार कलाकारों में शुमार होने तक पहुंचा।