जया प्रदा ने तीन बच्चों के पिता से की शादी, रिश्ते पर उठे कई सवाल, विवादों से रहा गहरा नाता

Jaya Prada Controversy: जया प्रदा का जीवन सफलता और विवादों से भरा रहा है। उनकी शादी पहले से शादीशुदा श्रीकांत नाहटा से चर्चा में रही। जया प्रदा ने सिनेमा और राजनीति दोनों में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
Jaya Prada Birthday Special Story marriage controversy husband Srikanth Nahata
जया प्रदा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Jaya Prada Birthday Special Story: बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस और बीजेपी नेता जया प्रदा का जन्म 3 अप्रैल 1962 को आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में हुआ था। जया प्रदा आज अपना 64वां जन्मदिन मना रही है। जया प्रदा ने अपने अभिनय और खूबसूरती से सिनेमा जगत में खास पहचान बनाई। जया प्रदा की जिंदगी जितनी सफल रही, उतनी ही विवादों और उतार-चढ़ाव से भी भरी रही है।

जया प्रदा का असली नाम ललिता रानी था। उनके पिता कृष्णा राव फिल्म फाइनेंसर थे। एक साधारण परिवार से आने वाली जया प्रदा का सपना डॉक्टर बनने का था, लेकिन उनकी मां ने बचपन से ही उन्हें डांस और सिंगिंग की ट्रेनिंग दिलवाई, जिसने उनका रुख फिल्मों की ओर मोड़ दिया। महज 14 साल की उम्र में उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘भूमि कोसम’ में तीन मिनट के डांस से अपने करियर की शुरुआत की। यहीं से उन्हें ‘जया प्रदा’ नाम मिला।

जया प्रदा का करियर

जया प्रदा ने तेलुगु, तमिल, कन्नड़, हिंदी, मलयालम, बंगाली और मराठी कुल सात भाषाओं की फिल्मों में काम कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। हिंदी सिनेमा में उन्होंने 1979 की फिल्म ‘सरगम’ से कदम रखा और रातों-रात स्टार बन गईं। हालांकि, शुरुआत में हिंदी न आने की वजह से उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन ‘कामचोर’ जैसी फिल्मों ने उन्हें नई पहचान दी।

सत्यजीत रे भी थे खूबसूरती के कायल

जया प्रदा की सुंदरता और अभिनय के कई बड़े नाम दीवाने थे। दिग्गज फिल्मकार सत्यजीत रे भी उन्हें दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला मानते थे और उनके साथ काम करना चाहते थे, लेकिन उनका यह सपना अधूरा रह गया। फिल्म इंडस्ट्री में अमिताभ बच्चन और जितेंद्र के साथ उनकी जोड़ी बेहद सफल रही। वहीं, श्रीदेवी के साथ उनकी प्रतिद्वंद्विता भी काफी चर्चा में रही। कहा जाता है कि दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे से बात नहीं की।

तीन बच्चों के पिता से की शादी

जया प्रदा की निजी जिंदगी तब सुर्खियों में आई, जब उन्होंने 1986 में फिल्म प्रोड्यूसर श्रीकांत नाहटा से शादी की, जो पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता थे। इस रिश्ते को लेकर उन्हें समाज और इंडस्ट्री दोनों से आलोचना का सामना करना पड़ा और उन्हें ‘दूसरी महिला’ जैसे ताने भी सुनने पड़े। फिल्मों के बाद जया प्रदा ने 1994 में राजनीति में कदम रखा। उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी से शुरुआत की, फिर समाजवादी पार्टी से जुड़ीं और 2019 में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com