

Highlights
जैस्मीन भसीन ने चेहरे में बदलाव को लेकर प्लास्टिक सर्जरी के दावों पर नाराजगी जताई है।
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा नोट शेयर कर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया।
जैस्मीन ने बताया कि सफर, नींद की कमी, थकान और साइनस की सूजन से उनके चेहरे में बदलाव नजर आता है।
Jasmin Bhasin Plastic Surgery: टीवी एक्ट्रेस जैस्मीन भसीन अक्सर अपनी खूबसूरती और स्टाइल को लेकर चर्चा में रहती हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनके चेहरे में बदलाव देखकर प्लास्टिक सर्जरी कराने के कयास लगा रहे हैं। अब एक्ट्रेस ने ऐसे ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। जैस्मीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए साफ किया कि उन्होंने कोई प्लास्टिक सर्जरी नहीं कराई है। साथ ही उन्होंने लोगों से हर वक्त उनके चेहरे पर नजर रखने के बजाय उन्हें अपनी जिंदगी जीने देने की अपील की है।
जैस्मीन भसीन ने अपने नोट में लिखा कि जब भी उनका चेहरा थोड़ा अलग नजर आता है, लोग तुरंत प्लास्टिक सर्जरी की बातें करने लगते हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि फ्रेंड्स, शांत हो जाओ। मैं सफर में रहती हूं, अलग-अलग मेकअप आर्टिस्ट के साथ काम करती हूं। कई बार पूरी नींद भी नहीं ले पाती हूं। थक जाती हूं और कई बार मेरे साइनस में सूजन आ जाती है। अब मेरा वजन भी बढ़ चुका है।
जैस्मीन भसीन ने आगे कहा कि उनका चेहरा कोई इंस्टाग्राम फिल्टर नहीं है, जो हर दिन एक जैसा दिखाई दे। कभी चेहरे पर सूजन होती है तो कभी वह बिल्कुल अलग नजर आता है। कई बार मेकअप भी उनकी मदद नहीं कर पाता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्लास्टिक सर्जरी करानी भी होती तो उसके लिए समय निकालना पड़ता।
जैस्मीन ने अपने नोट में आगे लिखा कि उनका चेहरा अलग-अलग दिनों में अलग नजर आ सकता है। उन्होंने कहा कि मैं हड्डियों, खून और मांसपेशियों से बनी हूं। सच में मैं अपने चेहरे से प्यार करती हूं। खुश रहने के लिए रोज परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं है। कृपया करके इस इंसान को जरा सांस तो लेने दो। एक्ट्रेस के इस जवाब से साफ है कि वह बार-बार अपनी खूबसूरती और चेहरे को लेकर होने वाली टिप्पणियों से परेशान हो चुकी हैं।
बता दें कि 36 साल की जैस्मीन भसीन का जन्म नई दिल्ली में हुआ था। उन्होंने साल 2011 में तमिल फिल्म 'वानम' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2015 में टीवी शो 'टशन-ए-इश्क' से छोटे पर्दे पर कदम रखा। जैस्मीन 'दिल से दिल तक', 'नागिन 4' और 'खतरों के खिलाड़ी 9' जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं। वहीं, 'बिग बॉस 14' में हिस्सा लेने के बाद उनकी लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ। हाल ही में एक्ट्रेस पंजाबी फिल्म 'जुदा' में दिखाई दी थीं।