नहीं रहे कल्ट शो 'फ्रेंड्स' के डायरेक्टर James Burrows, 1000 से ज्यादा एपिसोड्स बनाकर रचा था इतिहास

Friends Director James Burrows Death: फेमस अमेरिकी टीवी डायरेक्टर जेम्स बुरोज का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया है, जिससे 'फ्रेंड्स' शो की पूरी स्टारकास्ट और दुनिया भर के फैंस गहरे सदमे में हैं।
James Burrows Death
दिवंगत जेम्स बुरोज (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

James Burrows Death News:  हॉलीवुड के टीवी इतिहास से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दुनिया के सबसे पॉपुलर और कल्ट कॉमेडी शोज 'फ्रेंड्स', 'द बिग बैंग थ्योरी' और 'चीयर्स' को अपनी जादुई दिशा दिखाने वाले दिग्गज अमेरिकी निर्देशक जेम्स बुरोज अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका 85 साल की उम्र में निधन हो गया है।

जेम्स बुरोज के परिवार ने इस दुखद खबर की ऑफिशियली पुष्टि की है। पिछले 5 दशकों से अधिक लंबे करियर में 1000 से ज्यादा टीवी एपिसोड्स डायरेक्ट करने वाले जेम्स को पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में एक गॉडफादर की तरह माना जाता था। उनकी मौत की खबर मिलते ही उनके फैंस और कई बड़े कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

5 दशकों तक रहे छोटे पर्दे के सबसे प्रभावशाली मेकर

जेम्स बुरोज के निधन पर उनके परिवार ने एक बेहद इमोशनल बयान जारी कर उनकी यादों को ताजा किया है। जेम्स बुरोज के परिवार ने कहा कि वे जिमी बुरोज के असाधारण जीवन और उनकी कभी न मिटने वाली विरासत का जश्न मनाते हैं। वह 5 दशकों से अधिक समय तक टीवी इतिहास के सबसे प्रभावशाली और प्रिय डायरेक्टर्स में से एक रहे।

डेविड श्विमर और मैट लेब्लांक के थे पिता समान

जेम्स बुरोज के निधन की खबर मिलते ही 'फ्रेंड्स' शो में रॉस गेलर का किरदार निभाने वाले एक्टर डेविड श्विमर पूरी तरह टूट गए। उन्होंने डायरेक्टर जेम्स बुरोज को एक पिता बराबर बताते हुए लिखा कि जिमी हर एक्टर के अंदर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर लाते थे।

उनकी गर्मजोशी और उदारता सभी को सेट पर एक परिवार जैसा महसूस कराती थी। वहीं जोई ट्रिबियानी का रोल निभाने वाले एक्टर मैट लेब्लांक ने भी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि 'शब्दों में यह बयान नहीं किया जा सकता कि जिमी ने उन पर और उन सभी लोगों पर कितना गहरा प्रभाव छोड़ा है जो उन्हें जानते थे। वह हर स्तर पर एक सच्चे आइकॉन थे।'

थियेटर के बैकस्टेज से शुरू हुआ था महान सफर

साल 1940 में लॉस एंजिल्स में जन्मे जेम्स बुरोज की जड़ें एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काफी गहरी थीं। जेम्स बुरोज के पिता एबे बुरोज खुद एक फेमस लेखक और संगीतकार थे। जेम्स का बचपन न्यूयॉर्क में बीता, जहां उन्होंने हाई स्कूल ऑफ म्यूजिक एंड Art से पढ़ाई की और बाद में येल स्कूल ऑफ ड्रामा से मास्टर की डिग्री हासिल की।

अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद जेम्स बुरोज ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से नहीं बल्कि थिएटर से की थी। साल 1967 में आए नाटक 'होली गोलाइटली' में उन्होंने एक असिस्टेंट स्टेज मैनेजर के रूप में काम किया था। इसके बाद जेम्स बुरोज पूरे अमेरिका में कई स्टेज प्रोडक्शंस का डायरेक्शन किया और साल 1970 में ब्रॉडवे पर एक डायरेक्टर के रूप में अपना शानदार डेब्यू किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com