दीपिका पादुकोण की मांग के समर्थन में आए इंद्रजीत लंकेश, बोले- वर्किंग मदर्स के लिए जरूरी है संतुलित शेड्यूल

Deepika Padukone Work Shift: दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की वर्कशिफ्ट की मांग को पर निर्देशक इंद्रजीत लंकेश ने बात की। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शूटिंग करने से कलाकारों के चेहरे पर थकान दिखने लगती है।
Indrajit Lankesh React On Deepika Padukone 8 Hour Shift Work Culture
इंद्रजीत लंकेश और दीपिका पादुकोण (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Updated on

Deepika Padukone 8 Hour Shift: बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की वर्कशिफ्ट वाली मांग पर छिड़ी बहस अब एक बार फिर चर्चा में है। इस बार दीपिका को उनके शुरुआती करियर में मौका देने वाले निर्देशक इंद्रजीत लंकेश का खुला समर्थन मिला है। फिल्ममेकर का कहना है कि कलाकारों के लिए लंबे समय तक लगातार शूटिंग करना आसान नहीं होता और उनकी शारीरिक व मानसिक सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कुछ महीने पहले दीपिका ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों, खासकर वर्किंग मदर्स के लिए 8 घंटे की शिफ्ट की वकालत की थी।

एक इंटरव्यू में इंद्रजीत लंकेश ने कहा कि कलाकार कैमरे के सामने लगातार प्रदर्शन करते हैं, इसलिए उनकी ऊर्जा और चेहरे की ताजगी बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्देशक कैमरे के पीछे रहकर अपना काम जारी रख सकता है, लेकिन कलाकारों के लिए लंबे समय तक लगातार शूट करना मुश्किल होता है। इंद्रजीत के मुताबिक, अगर किसी कलाकार के साथ छह से आठ घंटे शूटिंग हो चुकी है, तो उसके बाद उसकी थकान स्क्रीन पर साफ दिखाई देने लगती है।

वर्किंग मदर्स के लिए भी बताया जरूरी

निर्देशक ने कहा कि दीपिका की मांग सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और खासतौर पर कामकाजी माताओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। उनका मानना है कि छोटे बच्चे की परवरिश में मां की भूमिका सबसे अहम होती है और इसलिए उन्हें परिवार और काम के बीच संतुलन बनाने का अवसर मिलना चाहिए। बच्चे की देखभाल के लिए केयरटेकर रखा जा सकता है, लेकिन मां का साथ और देखभाल किसी भी विकल्प से बेहतर होती है।

दीपिका पादुकोण के बयान पर पहले भी हुई थी बहस

जब दीपिका पादुकोण ने 8 घंटे की वर्कशिफ्ट की बात उठाई थी, तब इंडस्ट्री में इस पर लंबी बहस छिड़ गई थी। कुछ फिल्ममेकर्स ने इस मांग का विरोध किया था, जबकि कई कलाकारों ने उनका समर्थन किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी मुद्दे के चलते दीपिका ने कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स से दूरी भी बनाई थी। वहीं, अभिनेत्री कंगना रनौत, यामी गौतम और सबा आजाद समेत कई कलाकारों ने भी बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस की जरूरत पर सहमति जताई थी। फिलहाल दीपिका पादुकोण अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com