

Indias Got Latent Season 2 First Guests: कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना का चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है। पिछले सीजन को लेकर हुए विवादों और शो के बंद होने के बाद फैंस लंबे समय से इसके नए सीजन का इंतजार कर रहे थे। अब समय रैना ने खुद ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि शो की शुरुआत आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के साथ होने जा रही है, जिससे दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सेट पर नजर आ रही थीं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद फैंस कयास लगाने लगे थे कि दोनों अभिनेत्रियां शो के दूसरे सीजन की पहली मेहमान हो सकती हैं। अब समय रैना ने खुद इस खबर पर मुहर लगा दी है।
समय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो के पहले एपिसोड का लिंक शेयर किया। वीडियो के थंबनेल में आलिया और शरवरी की तस्वीर दिखाई दी, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया। तस्वीर में आलिया भट्ट ने 'ऐल्फा' लिखी हुई कैप पहनी हुई है, जबकि उनके साथ शरवरी, समय रैना, कॉमेडियन आशीष सोलंकी और बलराज घई भी नजर आ रहे हैं।
समय रैना की वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। फैंस इस शो के दूसरे सीजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं और कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि भाई बैन हुआ, पूरा सीजन डिलीट हुआ और अब नेटफ्लिक्स डील के साथ वापसी कर रहा है, यह इंटरनेट कल्चर की सबसे बड़ी वापसी है। वहीं दूसरे यूजर ने इसे भारतीय डिजिटल कंटेंट इतिहास की सबसे शानदार कमबैक बताया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ का पहला एपिसोड 20 जून की शाम 7 बजे से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। शो के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मौजूदगी इसे और खास बना रही है। वहीं दोनों अभिनेत्रियां इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ऐल्फा’ को लेकर भी चर्चा में हैं। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि शो में मनोरंजन के साथ-साथ फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे भी देखने को मिल सकते हैं।