Operation Sindoor के बाद भारत-पाक तनाव का एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर पड़ा असर, क्या बंद हो जाएंगे सभी सिनेमाघर? जानें सच्चाई

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच अफवाहें फैलने लगीं कि कोरोना महामारी की तरह ही सिनेमाघरों को भी बंद करवा दिया जाएगा। ऐसे में चलिए जानते हैं इस अफवाह के पीछे का सच।
Operation Sindoor के बाद भारत-पाक तनाव का एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर पड़ा असर, क्या बंद हो जाएंगे सभी सिनेमाघर? जानें सच्चाई
भारत-पाक तनाव के बीच क्या बंद होंगे सिनेमाघर? (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबई: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए अटैक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। वहीं बीती रात ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की तरफ से भी कई ड्रोन हमले किए गए, जिन्हें भारतीय सेना ने पूरी तरह विफल कर दिया। लेकिन इस तनाव का असर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी दिखाई दिया, जहां राजकुमार राव की फिल्म भूल चूक माफ की सिनेमाघरों में रिलीज को रद्द कर सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का फैसला लिया गया। तो वहीं दूसरी तरफ, आईपीएल को भी सात दिनों के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है।

इसके अलावा बॉलीवुड इंटस्ट्री से जुड़े कई बड़े स्टार्स ने भी अपने अपकमिंग शो कैंसिल कर दिया। इसमें बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी बड़ा फैसला लेते हुए अपना यूके टूर पोस्टपोन कर दिया है और अरिजीत सिंह ने भी ऑपरेशन सिंदूर के बाद अबू धाबी का अपना म्यूजिक कॉन्सर्ट स्थगित कर दिया है। लेकिन इन सबके बीच अफवाहें फैलने लगीं कि शायद देश में फिर से कोरोना जैसी स्थिति हो रही है। जिसकी वजह से सिनेमाघरों को बंद किया जा सकता है। हालांकि, बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी कोई योजना नहीं बनाई गई है और ये सिर्फ अफवाहें हैं।

जानें क्या है पूरा मामला?

सूत्रों के अनुसार, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सिनेमा मालिकों और मल्टीप्लेक्स ऑपरेटरों के बीच मीटिंग जरूर हुई, लेकिन थिएटर्स बंद करने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बल्कि यह निर्णय लिया गया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों जैसे भुज, अमृतसर और चंडीगढ़ में रात को फिल्म शो नहीं चलाए जाएंगे। इसके साथ ही बीकानेर, श्रीगंगानगर और जालंधर में भी अगली रात के शो रद्द कर दिए गए हैं।

रेड 2 बॉक्स ऑफिस पर कर रही है शानदार कलेक्शन 

हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में सिनेमा हॉल पूरी तरह से खुले हुए हैं और बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की फिल्म रेड 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन कर रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने आज ही 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। फिल्मों की एडवांस बुकिंग जारी है और अगली रिलीज जैसे फाइनल डेस्टिनेशन: ब्लडलाइन्स और मिशन इम्पॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com