

Dharmendra Last Film Ikkis: अगस्त्य नंदा की डेब्यू फिल्म और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी मानी जा रही फिल्म ‘इक्कीस’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग मुंबई में रखी गई, जहां बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए। स्क्रीनिंग के बाद फिल्म निर्देशक, निर्माता और लेखक अनिल शर्मा खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए और उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपने दिल की बात साझा की।
अनिल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म देखकर बेहद भावुक महसूस किया। उन्होंने कहा कि कल धरम जी की आखिरी फिल्म देखी और दिल भर आया। उन्हें नम आंखों से पर्दे पर देखना एक अलग ही एहसास था। क्या रोल है और क्या परफॉर्मर हैं वो। उन्होंने इस फिल्म को एक अलग ही गरिमा और गहराई दी है। अनिल शर्मा ने यह भी लिखा कि धर्मेंद्र हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
निर्देशक ने न सिर्फ धर्मेंद्र बल्कि पूरी फिल्म यूनिट की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि पूरी ‘इक्कीस’ की टीम को दिल से बधाई। मेकर्स, टेक्नीशियन और उन कलाकारों को जिन्होंने इसे इतना शानदार बनाया। साथ ही अनिल शर्मा ने अगस्त्य नंदा की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म में बेहद प्रभावशाली अभिनय किया है। यह अगस्त्य के करियर की पहली बड़ी फिल्म मानी जा रही है और इससे उनके अभिनय सफर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
फिल्म ‘इक्कीस’ एक वॉर ड्रामा है, जिसका निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है और देश के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की वीरगाथा को पर्दे पर उतारती है। महज 21 साल की उम्र में उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, इसी वजह से फिल्म का नाम ‘इक्कीस’ रखा गया है।
फिल्म की मुंबई में हुई स्पेशल स्क्रीनिंग में सलमान खान, सनी देओल, बॉबी देओल और रेखा जैसे बड़े सितारे भी मौजूद रहे। पहले यह फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बदलकर 1 जनवरी 2026 कर दी गई है। धर्मेंद्र और अगस्त्य नंदा के अलावा फिल्म में जयदीप अहलावत और सिमर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।