'मेरे शरीर में ऑन-ऑफ का बटन लगा है', बैसाखी के सहारे दिखे ऋतिक रोशन, खुद बताई अपनी बीमारी की हकीकत

Hrithik Roshan Health Update: ऋतिक रोशन ने अपनी शारीरिक परेशानियों और बैसाखी के इस्तेमाल पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि कैसे उनके शरीर के अंग अचानक काम करना बंद कर देते हैं।
Hrithik Roshan Crutches
Hrithik Roshan Crutches (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Hrithik Roshan Crutches: बॉलीवुड के 'ग्रीक गॉड' कहे जाने वाले ऋतिक रोशन अपनी फिटनेस और डांस के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हैं। लेकिन हाल ही में जब वे फिल्म निर्माता गोल्डी बहल की जन्मदिन पार्टी में बैसाखी के सहारे चलते दिखे, तो उनके प्रशंसकों की चिंता का ठिकाना नहीं रहा। सोशल मीडिया पर बैसाखी के साथ उनका वीडियो वायरल होने के बाद, अब ऋतिक ने खुद इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखकर अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति का खुलासा किया है।

ऋतिक ने बहुत ही मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में बताया कि उनका शरीर किस तरह कभी-कभी उनका साथ देने से इनकार कर देता है।

"शरीर के अंगों में लगा है ऑन/ऑफ बटन"

ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर अपनी स्थिति साझा करते हुए लिखा कि उनके शरीर के अलग-अलग अंगों में जैसे एक 'ऑन/ऑफ' बटन लगा हुआ है। उन्होंने बताया, "कभी मेरे बाएं पैर को बैसाखी की जरूरत पड़ती है, तो कभी अचानक बायां कंधा या दायां टखना काम करने से मना कर देते हैं। मुझे लगता है कि यह शारीरिक दर्द के साथ-साथ एक मनोदशा (Mood) भी है।" ऋतिक के अनुसार, ये परेशानियां अचानक सक्रिय हो जाती हैं, जिससे उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाई होती है।

जब जुबान ने 'डिनर' बोलने से किया इनकार

अपनी शारीरिक समस्याओं के साथ-साथ ऋतिक ने एक दिलचस्प मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने अपनी हालिया शूटिंग की एक मजेदार घटना साझा करते हुए बताया कि कभी-कभी उनकी जीभ कुछ खास शब्द बोलने से मना कर देती है। उन्होंने लिखा, "एक गंभीर सीन के दौरान मुझे डायलॉग बोलना था— 'क्या आप डिनर के लिए घर आना चाहेंगे?' लेकिन मेरी जुबान ने 'डिनर' शब्द बोलने से इनकार कर दिया। मैंने हार नहीं मानी और चतुराई से उन्हें बार-बार 'लंच' के लिए आमंत्रित किया, क्योंकि शुक्र है कि लंच बोलना अभी संभव था।"

सलमान खान स्टाइल में संभाली गलती

ऋतिक ने आगे बताया कि जब वे शूटिंग के दौरान गलत शब्द बोल रहे थे, तो उन्होंने स्थिति को संभालने के लिए सलमान खान के स्टाइल में दोबारा 'टेक' का इशारा किया, ताकि उनकी गलती महज एक अचानक हुई चूक लगे। ऋतिक की यह पोस्ट दर्शाती है कि वे अपनी इतनी बड़ी शारीरिक परेशानियों को भी सकारात्मकता और हास्य (Humor) के साथ झेल रहे हैं। उनके इस जज्बे को देखकर फैंस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं और उनके साहस की सराहना कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com