

दिवाली स्पेशल एपिसोड में पिता को याद कर भावुक हुए हिमेश रेशमिया
बोले- मेरे पिता मेरे गुरु और सबसे बड़ी प्रेरणा थे
'ये प्रेम मोल लिया' और 'गनमास्टर जी9' को मिले 500 मिलियन व्यूज
Himesh Reshsammiya Emotional Diwali Message: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर हिमेश रेशमिया इन दिनों सोनी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न में बतौर जज नजर आ रहे हैं।
इस शो में हिमेश रेशमिया का इमोशनल साइड भी बाहर आया है। दिवाली स्पेशल एपिसोड में हिमेश अपने पिता को याद करके काफी भावुक हो गए थे। हिमेश रेशमिया ने अपने पिता को याद करते हुए बताया कि पिता ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है और कहा कि वे उनके संगीत के सफर के पीछे की मार्गदर्शक शक्ति हैं।
हिमेश रेशमिया ने कहा कि मेरे पिता मेरे गुरु, सबसे बड़ी प्रेरणा और संगीत के सफर के पीछे की मार्गदर्शक शक्ति थे। उनके द्वारा दी गई शिक्षाएं और आशीर्वाद मेरे रास्ते को रोशन करते रहते हैं। उन्होंने मुझे सीखते हुए आगे बढ़ने और अपने जुनून को समर्पण के साथ अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने दीपावली की भावना और संगीत की सार्वभौमिकता के बीच समानता बताते हुए कहा कि दीपावली का पर्व रोशनी, उम्मीद, कृतज्ञता और नई शुरुआत का एक खूबसूरत उत्सव है। संगीत भी दीपावली की तरह ही है। वह लोगों को जोड़ने, खूबसूरत यादें ताजा करने और ऐसे पल बनाने की ताकत रखता है, जो हमेशा हमारे साथ रहते हैं।
उन्होंने बताया कि यह त्योहारों का मौसम उनके लिए खास रहा है, क्योंकि ये प्रेम मोल लिया और 'गनमास्टर जी9' के संगीत ने कम समय में ही सभी प्लेटफॉर्म पर 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोरे हैं। इसके साथ ही 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' की सफलता ने जश्न को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने कहा कि मैं भगवान और अपने दर्शकों का सच में आभारी हूं, जिन्होंने मुझे 'ये प्रेम मोल लिया' और 'गनमास्टर जी9' के संगीत की सुपर सफलता का आशीर्वाद दिया, जिनके गानों ने इतने कम समय में सभी प्लेटफॉर्म पर 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल किए हैं। 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' की सफलता ने सोने पर सुहागा का काम किया है, जिससे यह त्योहारों का मौसम मेरे लिए और भी खास हो गया है।
अपने फैंस के बीच हिट मशीन एचआर के नाम से मशहूर गायक ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि हिट मशीन एचआर के रूप में, मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करता हूं कि मैं ऐसा संगीत बनाता रहता हूं जो हर पीढ़ी के लोगों से जुड़ता है और उन्हें खुशी देता है।
दिल से त्योहार का संदेश देते हुए हिमेश ने कहा कि इस दीपावली, मैं दिल की गहराइयों से प्रार्थना करता हूं कि सभी को खुशी, सफलता, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और सबसे महत्वपूर्ण, मानसिक शांति मिले। यह त्योहार नई उम्मीद, खूबसूरत शुरुआत और जश्न मनाने के अनगिनत कारण लेकर आए। जय माता दी, चलिए इस दिवाली को रॉक करते हैं।