

साजिद खान की हॉरर-कॉमेडी हीरो की हॉररिन का फर्स्ट लुक जारी
गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा करेंगे बॉलीवुड डेब्यू
नितांशी गोयल संग दिखेंगे यशवर्धन, गोविंदा के कैमियो की चर्चा
Hero Ki Horrorin First Look: हाउसफुल और हिम्मतवाला जैसी फिल्में बनाने वाले साजिद खान एक नई फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। साजिद खान की ये अपकमिंग फिल्म हॉरर-कॉमेडी फिल्म होगी, जिसका नाम हीरो की हॉररिन है।
शुक्रवार को फिल्म के मेकर्स ने इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया है। इस पोस्टर में एक डरावनी महिला की झलक देखने को मिली है। ये फिल्म हॉरर, कॉमेडी और रोमांस से भरपूर होने वाली है। सबसे स्पेशल बात तो ये है कि गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं।
बालाजी मोशन पिक्चर्स ने इंस्टाग्राम पर इस अपकमिंग फिल्म का पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में फिल्म के डरावने किरदार की एक झलक दिखाई गई है। लंबे बालों वाली, खून जैसी लाल साड़ी पहने, कटा-फटा चेहरा, चमकती सफेद आंखें, नुकीले दांत और पंजे जैसे हाथों वाली एक एंटिटी धुएं और अंधेरे के बीच नजर आ रही है।
हाउसफुल जैसी फिल्मों के डायरेक्टर साजिद खान इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म से गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा अभिनय की दुनिया में कदम रखेंगे। उनके साथ लापता लेडीज फेम नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म में एक खास बात यह भी है कि यशवर्धन की मां सुनीता आहूजा पर्दे पर भी उनकी मां का किरदार निभाती दिखाई देंगी। इसके अलावा चंकी पांडे, जेमी लीवर, बृजेंद्र काला, सिमरत कौर रंधावा और कृष्णा अभिषेक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर एक और दिलचस्प चर्चा गोविंदा के कैमियो की है। बताया जा रहा है कि एक्टर गोविंदा फिल्म में खास भूमिका में नजर आ सकते हैं। हालांकि, उनके कैमियो को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। अगर ऐसा होता है, तो पर्दे पर पिता और बेटे को एक साथ देखना दर्शकों के लिए खास अनुभव हो सकता है।
हीरो की हॉररिन जय हो मीडिया वेंचर्स के प्रोडक्शन में बनी है और बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म को शोभा कपूर, एकता कपूर और अमर बुटाला ने प्रोड्यूस किया है। मेकर्स के अनुसार, फिल्म में हॉरर, कॉमेडी और रोमांस के साथ अलौकिक घटनाओं का तड़का देखने को मिलेगा। इसके अलावा यशवर्धन का डांस भी फिल्म का आकर्षण होगा। फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।