

हेमा मालिनी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
देश की छवि खराब करने का लगाया आरोप
यूपी में तीसरी बार योगी सरकार बनने का जताया भरोसा
Hema Malini On Rahul Gandhi: बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा और मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी हाल ही में एक कार्यक्रम के लिए नागपुर पहुंची थी। यहां हेमा मालिनी ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा है।
हेमा मालिनी ने राहुल गांधी को लेकर बयान दिया है और साथ ही उनके भारत और पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयानों की जमकर आलोचना की है। साथ ही हेमा मालिनी ने राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने का और पीएम मोदी और केंद्र सरकार की आलोचना को लेकर राहुल गांधी को सवालों के घेरे में लिया है।
नागपुर में आयोजित ऑरेंज सिटी लिटरेचर फेस्टिवल में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं हेमा मालिनी ने साल 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया है। हेमा मालिनी ने बयान दिया है कि यूपी में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने वाली है।
राहुल गांधी के बयानों पर रिएक्शन देते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हमेशा हमारे देश को हमेशा नीचा दिखाने में ही लगे हुए हैं। हर समय वह ऐसी ही बात करते हैं कि हमारा देश बहुत ही खराब स्थिति में है, जबकि हमारा देश एकदम बढ़िया स्थिति में है। ये बात जनता अच्छे से जानती है। लेकिन वह बार-बार पीएम मोदी और मोदी सरकार को नीचा दिखाने में लगे रहते हैं। वह हमेशा ऐसी ही बात करते रहेंगे, ये बात हम सब जानते हैं।
वहीं, सोनिया गांधी की बुक को लेकर सवाल पूछे जाने पर हेमा मालिनी ने टिप्पणी करने से मना कर दिया। सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव 10 नवंबर को लॉन्च हुई थी। किताब को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से कई मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं, जबकि राहुल गांधी ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेताओं की टिप्पणियों पर तंज कसा था।
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर हेमा मालिनी ने कहा कि हाल ही में पार्टी की एक बड़ी मीटिंग हुई थी, जिसमें करीब 50 सीनियर नेता शामिल हुए। इस मीटिंग में आने वाले चुनाव की तैयारियों और पार्टी की स्ट्रेटेजी पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हाल ही में पार्टी की बहुत बड़ी बैठक हुई थी। इस बैठक में करीब 50 सीनियर नेता शामिल हुए थे। मीटिंग काफी अच्छी रही। आने वाले चुनाव में क्या-क्या करना है, कैसे भाग लेना है, इन विषयों पर चर्चा की गई है। मुझे विश्वास है कि यूपी में तीसरी बार भी योगी सरकार बनेगी।