‘हैप्पी पटेल’ की बॉक्स ऑफिस पर फीकी शुरुआत, पहले दिन 2 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई फिल्म

Happy Patel Box Office Day 1: वीर दास स्टारर ‘हैप्पी पटेल’ बॉक्स ऑफिस पर कमजोर शुरुआत करती नजर आई। पहले दिन फिल्म ने करीब 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और 2 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई।
Aamir Khan Productions Film Happy Patel Khatarnaak Jasoos
हैप्पी पटेल का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (सोर्स : सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Happy Patel Collection: आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ आखिरकार 16 जनवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। वीर दास स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था, क्योंकि इसके जरिए इमरान खान ने लंबे समय बाद अभिनय की दुनिया में वापसी की है। इसके अलावा ‘दिल्ली बेली’ के लगभग 15 साल बाद आमिर खान, इमरान खान और वीर दास एक बार फिर एक साथ नजर आए हैं। हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन करीब 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा शुरुआती है और आधिकारिक डाटा आने के बाद इसमें मामूली बदलाव संभव है। इसके बावजूद यह साफ है कि फिल्म पहले दिन 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी नहीं छू पाई, जिसे बॉक्स ऑफिस पर ठंडी शुरुआत माना जा रहा है।

फिल्म की कहानी

‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ को वीर दास और कवि शास्त्री ने संयुक्त रूप से निर्देशित किया है। कहानी एक ऐसे जासूस हैप्पी पटेल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके नेक इरादे बार-बार उसे अजीब और अनएक्सपेक्टेड हालात में फंसा देते हैं। कॉमेडी और जासूसी के तड़के के साथ बनाई गई इस फिल्म का स्क्रीनप्ले वीर दास और अमोघ रणदिवे ने लिखा है।

हैप्पी पटेल के स्टार कास्ट

स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में वीर दास और इमरान खान के अलावा मोना सिंह, मिथिला पालकर, प्रियांशु चटर्जी और शारिब हाशमी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वहीं, आमिर खान ने फिल्म में स्पेशल कैमियो किया है, जो दर्शकों के लिए एक सरप्राइज एलिमेंट माना जा रहा है। हालांकि फिल्म की यूनिक थीम और स्टारकास्ट को देखते हुए इससे बेहतर ओपनिंग की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन कमजोर वर्ड ऑफ माउथ और कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते इसका पहले दिन का प्रदर्शन औसत रहा।

Navbharat Live
navbharatlive.com