

Hanuman Ansh Shooting: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म हनुमान अंश में नीम करोली बाबा के दिव्य जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित इस भक्तिमय फिल्म ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बेहद कम बजट में बनकर बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बना दिए है। फिल्म को बनाने के दौरान पूरी टीम ने एक अनोखी आध्यात्मिक रास्ता चुना।
डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी और मुख्य एक्टर शोभिनव सत्या ने हाल ही में खुलासा किया कि शूटिंग के दौरान जब भी कोई तकनीकी बाधा या अप्रत्याशित परेशानी आती थी, तो पूरी टीम मिलकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर देती थी। कई बार ऐसा हुआ कि सुबह सात बजे का शेड्यूल होने के बावजूद किसी समस्या के कारण तीन-तीन घंटे तक कैमरा ऑन नहीं हो पाता था। ऐसे समय में खाली बैठने के बजाय सभी लोग एक साथ मिलकर हनुमान चालीसा पढ़ते थे और पाठ खत्म होते-होते परेशानियों का कोई न कोई सोल्यूशन खुद-ब-खुद निकल आता था।
फिल्म हनुमान अंश की शूटिंग शुरू होने से पहले मेकर्स फेमस संत प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। महाराज जी की सलाह के बाद सेट पर अनुशासन के कड़े नियम लागू किए गए। फिल्म में नीम करोली बाबा का अहम किरदार निभा रहे एक्टर के लिए खान-पान और जीवनशैली को लेकर विशेष हिदायतें दी गईं। सेट पर किसी भी तरह की गाली-गलौज, आपसी विवाद या नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह से पाबंदी थी। पूरे शूटिंग परिसर में केवल सात्विक और शाकाहारी भोजन ही परोसा जाता था। इतना ही नहीं, दिन के काम की शुरुआत और समाप्ति दोनों ही हनुमान चालीसा के सुमधुर गायन के साथ होती थी।
इस फिल्म के पास परंपरागत तरीके से बड़े पैमाने पर मार्केटिंग और विज्ञापन करने के लिए बजट नहीं था। ऐसे में फिल्म निर्मातोओं ने किसी महंगे प्रचार कैंपेन की जगह सेवा भाव का रास्ता चुना। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर 8 बड़े भंडारों का आयोजन किया। इन भंडारों के जरिए न केवल जरूरतमंदों को भोजन कराया गया, बल्कि इसी के जरिए से फिल्म का संदेश भी आम लोगों तक पहुंचा। इस अनूठी पहल और जनता के बीच बने सकारात्मक माहौल के चलते फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से भी बिना किसी कट के यू प्रमाणपत्र मिल गया, जिससे हर तरह के लोग इसे परिवार संग देखने पहुंचे।
डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म हनुमान अंश की शुरुआत सिनेमाघरों में बेहद धीमी रही थी। पहले हफ्ते में फिल्म ने 1 करोड़ के आसपास की कमाई की थी, जबकि दूसरे हफ्ते में यह आंकड़ा घटकर महज 40 लाख रुपये रह गया था। मगर दर्शकों के बीच फैली बेहतरीन चर्चा और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के कारण तीसरे हफ्ते में चमत्कार देखने को मिला। तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में 2000 प्रतिशत से भी ज्यादा का अभूतपूर्व उछाल आया और इसने अकेले 10 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया।