

Highlights
गीता दत्त का जन्म 23 नवंबर 1930 को पूर्वी बंगाल के इदलापुर गांव में हुआ था।
12 साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ मुंबई आ गई थीं।
साल 1946 में फिल्म 'भक्त प्रह्लाद' से उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग में डेब्यू किया था।
Geeta Dutt Birth Anniversary Special Story: हिंदी सिनेमा की मशहूर प्लेबैक सिंगर गीता दत्त अपनी सुरीली आवाज और सदाबहार गीतों के लिए आज भी याद की जाती हैं। 'बाबूजी धीरे चलना', 'मेरा सुंदर सपना बीत गया', 'वक्त ने किया क्या हसीं सितम' और 'जाने कहां मेरा जिगर गया जी' जैसे गानों ने उन्हें संगीत की दुनिया में खास पहचान दिलाई। गीता दत्त का जन्म 23 नवंबर 1930 को हुआ था। उनकी जयंती के मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी, करियर और निजी जीवन से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।
गीता दत्त का असली नाम गीता रॉय चौधरी था। उनका जन्म पूर्वी बंगाल के फरीदकोट जिले के इदलापुर गांव में हुआ था। उनके पिता देवेंद्र नाथ चौधरी गांव के जमींदार थे, जबकि मां अमया रॉय चौधरी को संगीत और शायरी का शौक था। गीता अपने 10 भाई-बहनों में से एक थीं और उन्हें संगीत में रुचि अपनी मां से मिली थी। साल 1942 में जब गीता करीब 12 साल की थीं, तब उनके पिता परिवार के साथ मुंबई आकर बस गए। यहां उन्होंने एंग्लो बंगाली स्कूल में पढ़ाई की और पंडित हीरेंद्रनाथ चौधरी से संगीत की शिक्षा ली।
मुंबई में उनके घर के पास संगीतकार हनुमान प्रसाद का आना-जाना था। एक दिन उन्होंने गीता की आवाज सुनी और उनके माता-पिता को उन्हें फिल्मों में गाने का प्रशिक्षण दिलाने की सलाह दी। इसके बाद हनुमान प्रसाद ने उन्हें संगीत की शिक्षा दी। साल 1946 में हनुमान प्रसाद ने फिल्म 'भक्त प्रह्लाद' से गीता को प्लेबैक सिंगिंग का मौका दिया। हालांकि, इस फिल्म में उन्हें दो गानों में सिर्फ दो-दो लाइनें गाने का अवसर मिला था। इसके अगले ही साल फिल्म 'दो भाई' के गाने 'मेरा सुंदर सपना बीत गया' ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। इस फिल्म का संगीत एसडी बर्मन ने दिया था।
साल 1953 में गीता ने अभिनेता और निर्देशक गुरु दत्त से शादी की। इसके बाद उन्होंने अपना नाम गीता रॉय चौधरी से बदलकर गीता दत्त कर लिया। दोनों की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गीत दिए।
गीता दत्त की बतौर प्लेबैक सिंगर आखिरी फिल्म 'अनुभव' थी, जो 1971 में रिलीज हुई थी। इसका संगीत कनु रॉय ने तैयार किया था। 20 जुलाई 1972 को लिवर सिरोसिस के कारण मुंबई के हरिकृष्ण दास अस्पताल में उनका निधन हो गया। महज 41 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली गीता दत्त की आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जिंदा है।