

Gautam Gulati Rise and Fall 2 Entry: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। शो में एक के बाद एक नए कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आ रहे हैं। अब टीवी एक्टर और रियलिटी शो स्टार गौतम गुलाटी की भी शो में एंट्री कंफर्म हो गई है। मेकर्स ने एक खास वीडियो शेयर कर उनके नाम का ऐलान किया है। वीडियो में गौतम अपने पुराने कॉन्फिडेंट और रूलर वाले अंदाज में नजर आ रहे हैं।
मेकर्स की ओर से शेयर किए गए वीडियो में गौतम गुलाटी अपने सफर और मुश्किलों के बाद दोबारा उठ खड़े होने की बात करते दिखाई देते हैं। वीडियो में वह कहते हैं कि जैसे शेर कभी शिकार करना नहीं भूलता, वैसे रूलर कभी रूल करना नहीं भूलता। गौतम आगे शो के टावर को अपनी गौतम सिटी बनाने की बात करते हैं। उनके इस अंदाज से साफ है कि वह शो में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने के इरादे से उतर रहे हैं।
गौतम गुलाटी टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने कई टीवी शोज में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे बड़ी पहचान 'बिग बॉस 8' से मिली थी। गौतम इस सीजन के विनर रहे थे। इसके बाद उन्होंने टीवी के साथ-साथ फिल्मों में भी काम किया। गौतम दीया और बाती हम जैसे लोकप्रिय शो का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा वह रियलिटी शो रोडीज में गैंग लीडर की भूमिका में भी नजर आए थे। वह 2023 और 2025 में रोडीज से जुड़े रहे।
'बिग बॉस 8' जीतने के करीब 11 साल बाद गौतम गुलाटी एक बार फिर रियलिटी शो में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आने वाले हैं। 'राइज एंड फॉल' के फॉर्मेट में कंटेस्टेंट्स को कभी रूलर की पोजीशन मिलती है तो कभी उन्हें वर्कर बनकर गेम खेलना पड़ता है। शो में रूलर्स पेंटहाउस में रहते हैं, जबकि वर्कर्स बेसमेंट में रहकर टास्क करते हैं। गेम के दौरान पावर बदलती रहती है, जिससे किसी भी कंटेस्टेंट की स्थिति कभी भी बदल सकती है।
'राइज एंड फॉल 2' को क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट करेंगे। शो में कुल 15 कंटेस्टेंट्स होंगे। अब तक स्वरा भास्कर, करण पटेल, प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला जैसे नाम सामने आ चुके हैं। स्प्लिट्सविला 16 की विनर कैरा अन्नु और फाइनलिस्ट निहारिका तिवारी के नाम भी कंफर्म बताए जा रहे हैं। शो का दूसरा सीजन 26 सितंबर से शुरू होगा और इसे MX Player पर स्ट्रीम किया जाएगा।