नहीं रहे मशहूर एक्टर और कॉमेडियन Fish Venkat, 53 साल की उम्र में हुआ निधन

Fish Venkat Death: दिग्गज एक्टर और कॉमेडियन फिश वेंकट का किडनी फेल होने की वजह से निधन हो गया है। उन्होंने महज 53 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है।
नहीं रहे मशहूर एक्टर और कॉमेडियन फिश वेंकट, 53 साल की उम्र में हुआ निधन
फिश वेंकट (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Fish Venkat Death: साउथ इंडस्ट्री से अब एक और दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, कोटा श्रीनिवास राव के बाद दिग्गज एक्टर और कॉमेडियन फिश वेंकट का निधन हो गया है। उन्होंने महज 53 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिश वेंकट पिछले कुछ समय से हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां किडनी फेल होने के चलते उनकी मौत हो गई।

मालूम हो, फिश वेंकट बीते कुछ महीनों से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। उनकी तबीयत हाल ही में और ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और 53 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।

बेटी ने दी थी अपने पिता की हेल्थ अपडेट

इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार को आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा। एक्टर की बेटी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता को किडनी ट्रांसप्लांट की सख्त जरूरत है, जिसमें करीब 50 लाख रुपये का खर्च आएगा और फिलहाल वो आईसीयू में भर्ती है। साथ ही उनकी बेटी श्रावंती ने चिरंजीवी, पवन कल्याण, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर सरीखे सुपरस्टार्स से मदद करने की अपील की थी।

इसके बाद बेटी ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि प्रभास के असिस्टेंट ने आर्थिक मदद का वादा किया था, लेकिन बाद में एक्टर के करीबी ने साफ किया कि यह कॉल फर्जी था और इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है, न ही हमें प्रभास की तरफ से ऐसी कोई मदद भी मिली है।

हालांकि, इस वक्त उनका पूरा परिवार सदमे में है और उनके निधन से साउथ इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा है। फैंस से लेकर साउथ के सेलेब्स उन्हें सोशल मीडिया पर नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

फिश वेंकट का फिल्म करियर

आपको बता दें, फिश वेंकट ने अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में आई फिल्म ‘सम्मक्का सारक्का’ से की थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगु सिनेमा में कई यादगार भमिका निभाई। वह कभी विलेन तो कभी कॉमिक रोल में नजर आकर दर्शकों को लुभाते रहे। उन्होंने अपने अलग अंदाज से कॉमेडी में एक अलग पहचान बनाई थी। एक्टर को आखिरी बार साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉफी विद अ किलर’ में देखा गया था।