

Disha Patani International Film: भारतीय सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण और तब्बू की राह पर चलते हुए अब बॉलीवुड की एक और खूबसूरत एक्ट्रेस ने हॉलीवुड की तरफ अपने कदम बढ़ा दिए हैं। हाल ही में फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली दिशा पाटनी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
दिशा पाटनी बहुत जल्द एक बड़े विदेशी प्रोजेक्ट में एक बेहद चुनौतीपूर्ण रोल निभाती हुई नजर आने वाली हैं। इस खबर के सामने आने के बाद से ही उनके फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इस फिल्म से जुड़े हर अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दिशा पाटनी का यह अंतरराष्ट्रीय सफर बेहद शानदार होने वाला है क्योंकि वह ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित फेमस डायरेक्टर केविन स्पेसी की आने वाली फिल्म का हिस्सा बनी हैं। इस फिल्म का नाम हॉलीगार्ड्स सागा- द पोर्टल ऑफ फोर्स है, जो एक बेहद रोमांचक सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म होगी।
इस बड़े प्रोजेक्ट के जरिए दिशा वैश्विक पटल पर भारतीय अभिनय कला का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान दिशा पाटनी ने इस फिल्म के सेट से जुड़े अपने कई यादगार और अनूठे अनुभव खुलकर शेयर किया हैं।
एक खास बातचीत के दौरान दिशा ने अपने निर्देशक केविन स्पेसी की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि केविन एक बेहतरीन निर्देशक होने के साथ-साथ खुद एक कमाल के अभिनेता हैं, इसलिए वह कलाकारों की भावनाओं को बहुत गहराई से समझते हैं।
दिशा ने बताया कि सेट पर वह सभी कलाकारों को अपने तरीके से प्रयोग करने की पूरी आजादी देते थे और उन्हें अपने पुराने व्यक्तिगत अनुभवों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करते थे। दिशा के अनुसार केविन हर सुबह पूरी टीम के साथ बैठकर सीन की बारीकियों को समझाते थे और उनसे पूछते थे कि वैसी परिस्थिति में वे कैसा महसूस करेंगे, जो कि एक बेहद अलग और शानदार अनुभव था।
इस फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद दमदार है, जिसमें दुनिया भर के कई नामचीन चेहरे एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे। दिशा पाटनी के साथ इस फिल्म में डॉल्फ लुंडग्रेन, टायरेस गिब्सन, ब्रायना हिल्डेब्रांड और एरिक रॉबर्ट्स जैसे दिग्गज अंतरराष्ट्रीय कलाकार मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
दिशा पाटनी ने बताया कि पश्चिम के सिनेमा में काम मिलना आपकी काबिलियत के साथ-साथ सही समय पर सही जगह मौजूद रहने और थोड़ी बहुत किस्मत पर भी निर्भर करता है। दिशा ने सलाह दी कि अगर किसी को वहां काम करना है, तो उसे कुछ समय के लिए वहां जाकर रहना चाहिए और जमीनी स्तर पर कोशिश करनी चाहिए।
बता दें कि दिशा पाटनी हाल ही में फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा था। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।