

Dipika Kakar Emotional Video: टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इब्राहिम इन दिनों लीवर कैंसर से जंग लड़ रही हैं। दो बड़ी सर्जरी के बाद उनका इलाज जारी है और फिलहाल वह इन्फ्यूजन थेरेपी से गुजर रही हैं। हाल ही में तीसरे इन्फ्यूजन के दौरान दीपिका भावुक हो गईं और उन्होंने अपने संघर्ष, मानसिक स्थिति और इस मुश्किल दौर में हिम्मत बनाए रखने को लेकर दिल छू लेने वाली बातें शेयर कीं।
दीपिका के पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक नया व्लॉग साझा किया। वीडियो में उन्होंने बताया कि दीपिका के तीसरे इन्फ्यूजन के लिए वे अस्पताल पहुंचे हैं। जरूरी मेडिकल टेस्ट के बाद उनका इन्फ्यूजन शुरू हुआ। इलाज पूरा होने के बाद शोएब ने जब दीपिका से उनकी तबीयत के बारे में पूछा तो वह खुद को रोक नहीं सकीं और भावुक हो गईं।
दीपिका कक्कड़ ने कहा कि आज बहुत दिनों बाद मैं इमोशनली बहुत हैवी महसूस कर रही हूं। हमें पता है कि हम पब्लिक फिगर हैं, इसलिए हमारी हर बात लोगों तक पहुंच जाती है। लेकिन दुनिया में ऐसे बहुत से लोग हैं, जो मुझसे कहीं ज्यादा मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। हर दिन नई चुनौती लेकर आता है। शरीर लड़ रहा है, दिमाग लड़ रहा है, लेकिन हमें लड़ते रहना है।
दीपिका ने यह भी बताया कि अस्पताल में इलाज करा रहे दूसरे कैंसर मरीजों को देखकर उन्हें भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जब वह ऐसे लोगों को देखती हैं, जो लंबे समय से कीमोथेरेपी या इलाज से गुजर रहे हैं, तो उनके लिए दुआ करती हैं और उनसे हिम्मत भी लेती हैं। उनके मुताबिक, मुश्किल समय में एक-दूसरे का हौसला बनना सबसे जरूरी होता है।
इन्फ्यूजन के बाद दीपिका, शोएब, उनकी मां और बेटे रुहान के साथ डिनर पर गए। शोएब इब्राहिम ने बताया कि इस पूरे दौर में उनका बेटा भी काफी समझदारी दिखा रहा है, हालांकि वह अपनी मां को बहुत मिस करता है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उनके पिता ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल से घर लौटे हैं और अभी पूरी तरह बेड रेस्ट पर हैं। वहीं दीपिका की मां भी कुछ समय पहले संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती रही थीं।