

Highlights
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में साई पल्लवी के एक्शन सीन पर बहस छिड़ी हुई है।
रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता बनीं दीपिका चिखलिया ने इस सीन पर प्रतिक्रिया दी है।
दीपिका चिखलिया ने कहा कि उन्हें वाल्मीकि और तुलसीदास की रामायण में ऐसे सीन याद नहीं आते।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि भारत में रामायण के 300 से ज्यादा अलग-अलग संस्करण मौजूद हैं।
निर्देशक नितेश तिवारी के मुताबिक, सीता के योद्धा रूप के लिए 'अद्भुत रामायण' से प्रेरणा ली गई है।
Dipika Chikhlia Reaction On Sai Pallavi: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ इन दिनों सिनेमाघरों में चर्चा का विषय बनी हुई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म में जहां दर्शकों को भव्य विजुअल्स देखने को मिल रहे हैं, वहीं कुछ सीन को लेकर बहस भी छिड़ गई है। खासतौर पर साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में राक्षसों से लड़ते हुए दिखाने वाले एक्शन सीन पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
दीपिका चिखलिया ने साई पल्लवी के एक्शन सीन को लेकर कहा कि उन्हें वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास की रामायण में इस तरह के प्रसंग याद नहीं आते। उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी और यादों के मुताबिक, जिस रामायण पर रामानंद सागर की सीरीज आधारित थी, उसमें सीता को इस तरह युद्ध करते हुए नहीं दिखाया गया था।
दीपिका चिखलिया ने फिल्म के मेकर्स की सोच को गलत नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि भारत में रामायण के 300 से ज्यादा अलग-अलग संस्करण मौजूद हैं और हर संस्करण में कुछ न कुछ अंतर देखने को मिलता है। हो सकता है कि फिल्म के निर्माताओं ने किसी ऐसे संस्करण से प्रेरणा ली हो, जिसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
दिलचस्प बात यह है कि दीपिका चिखलिया ने अभी तक नितेश तिवारी की पूरी ‘रामायण’ नहीं देखी है। उन्होंने सिर्फ इंस्टाग्राम पर साई पल्लवी के एक्शन सीन की झलक देखी थी। अभिनेत्री ने बताया कि वह दिवाली के बाद पूरी फिल्म देखने का इरादा रखती हैं। फिल्म में सीता को एक्शन करते दिखाने के फैसले पर निर्देशक नितेश तिवारी पहले ही अपनी बात रख चुके हैं।
लॉस एंजिल्स में फिल्म के प्रीमियर के दौरान अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया था कि इस किरदार के योद्धा रूप के लिए ‘अद्भुत रामायण’ से प्रेरणा ली गई है। इस रामायण में माता सीता को देवी शक्ति के शक्तिशाली और उग्र स्वरूप में दिखाया गया है। ऐसे में फिल्म में साई पल्लवी का यह अंदाज पारंपरिक चित्रण से अलग जरूर है, लेकिन इसके पीछे मेकर्स ने एक अलग धार्मिक ग्रंथ से प्रेरणा लेने की बात कही है।