

Highlights
27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट हुआ।
सान्या मल्होत्रा को मंच पर बुलाकर दिलजीत ने उनके साथ खास पल शेयर किया।
करिश्मा कपूर और अवनीत कौर गानों पर झूमती नजर आईं।
बम की धमकी पर दिलजीत ने शायराना अंदाज में रिएक्शन दिया।
Diljit Dosanjh Mumbai Concert: मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में 27 नवंबर की रात म्यूजिक के नाम रही, जहां दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित हुआ। कॉन्सर्ट से पहले सामने आई धमकियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी चर्चा थी, लेकिन इसका कोई असर शो की चमक पर नहीं पड़ा।
सख्त सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और देर रात तक गानों की धुनों पर झूमते रहे। आम लोगों के साथ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां भी इस कॉन्सर्ट का हिस्सा बनीं, जिससे पूरे आयोजन की रौनक और बढ़ गई।
कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों को लेकर लोगों के मन में कई तरह की बातें चल रही थीं। इसके बाद भी महालक्ष्मी रेसकोर्स में दर्शकों का जोश देखने लायक था। कड़ी सिक्योरिटी के बीच हजारों फैंस कॉन्सर्ट में पहुंचे और सिंगर के गानों पर जमकर झूमे। मैदान में मौजूद लोगों के चमकते नीले रिस्टबैंड और देर रात तक चली मस्ती ने यह साफ कर दिया कि म्यूजिक लवर का क्रेज किसी भी तरह कम नहीं हुआ।
इस म्यूजिक भरी शाम में कई स्टार्स की मौजूदगी ने माहौल को और जीवंत बना दिया। करिश्मा कपूर काले रंग के सिंपल आउटफिट और खुले बालों में अपने साथियों के साथ गानों का लुत्फ लेती दिखीं। उनके चेहरे की खुशी और गानों पर थिरकने का अंदाज दर्शकों के बीच खासा आकर्षण बना।
वहीं लाल कुर्ते में पहुंचीं अवनीत कौर भी अपने साथियों के साथ नाचती और झूमती नजर आईं। उनके बेफिक्र अंदाज के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से देखे जा रहे हैं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
कॉन्सर्ट की शाम का सबसे यादगार हिस्सा तब आया, जब सिंगर ने सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाया। काले रंग की बिना बाजू वाली टी-शर्ट पहने दिलजीत सान्या के सामने घुटनों के बल बैठ गए और उनका हाथ थामकर गाना गाने लगे। इस दौरान सान्या की मुस्कान और स्टेज के पीछे बड़ी स्क्रीन पर दिखती यह झलक वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचती रही। दोनों का यह वीडियो ऑनलाइन मंचों पर खूब चर्चा में है।
मुंबई के इस कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर दिलजीत दोसांझ ने अपने ही निराले ढंग से रिएक्शन दिया। उन्होंने कहा कि दिलजीत को बम से उड़ा देंगे, वाह, शहरों में तो बारूदों का मौसम है और गांव चलो क्योंकि यह अमरूदों का मौसम है। 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए इस कॉन्सर्ट के बाद म्यूजिक और स्टार्स की यह शाम दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव बनकर सामने आई।