

Highlights
दिलजीत दोसांझ का 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में होने वाला कॉन्सर्ट मुश्किल में पड़ गया है।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और त्योहारों के मौसम का हवाला देते हुए कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी।
यह कॉन्सर्ट जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होना था।
Diljit Dosanjh Delhi Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दिलजीत का ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लाइव शो होना था। इसके लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और त्योहारों के मौसम का हवाला देते हुए कार्यक्रम को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।
दिलजीत दोसांझ ने कुछ समय पहले अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ का ऐलान किया था। इस टूर की शुरुआत दिल्ली से होनी थी। शुरुआत में कॉन्सर्ट की तारीख 1 नवंबर बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया गया। इसके बाद अलग-अलग टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर 30 अक्टूबर के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई थी।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को देखते हुए कार्यक्रम को मंजूरी देने से इनकार कर दिया। फिलहाल दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कॉन्सर्ट की नई तारीख तय होगी या कार्यक्रम रद्द किया जाएगा, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
दिलजीत दोसांझ ने अपने इंडिया टूर के तहत देश के सात शहरों में कॉन्सर्ट करने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत दिल्ली से होनी थी, जबकि चंडीगढ़ में इसका समापन प्रस्तावित है। चंडीगढ़ में होने वाले शो की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
30 अक्टूबर: दिल्ली (पुलिस की मंजूरी नहीं मिली)
15 नवंबर: इंदौर, C21 एस्टेट
21 नवंबर: अहमदाबाद, नरेंद्र मोदी स्टेडियम
27 नवंबर: मुंबई, महालक्ष्मी रेस कोर्स
29 नवंबर: बेंगलुरु, नाइस ग्राउंड
5 दिसंबर: लखनऊ, 19वां नेशनल जंबूरी ग्राउंड
चंडीगढ़: तारीख की घोषणा बाकी
दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट के टिकटों की शुरुआती कीमत 6,499 रुपये रखी गई थी, जबकि सबसे महंगे टिकट की कीमत 15,999 रुपये बताई गई। यह शो शाम 4 बजे शुरू होने वाला था और इसकी अवधि करीब छह घंटे प्रस्तावित थी। अब पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने के बाद टिकट बुक करने वाले दर्शकों को आयोजकों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।